बिहार में हुआ बड़ा हादसा ‚ पटना से लौट रहे मधेपुरा के तीन SHO की बेगूसराय में हुई मौत।

बेगूसराय में गुरुवार की देर रात सड़क हादसे में 3 थाना प्रभारियों (SHO) और उनके ड्राइवर की मौत हो गई है। हादसा NH-31 पर रात 12.30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि गाड़ी की स्पीड 100 से ज्यादा थी। किसी वजह से बैलेंस बिगड़ा और सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी।

ट्रक सड़क के किनारे खड़ा था। गाड़ी बंद थी, इसलिए पीछे कोई लाइट भी नहीं जल रही थी। टक्कर लगते ही पुलिस वालों की गाड़ी के आगे का हिस्सा साफ हो गया। सभी थाना प्रभारी पटना से ट्रेनिंग कर मधेपुरा लौट रहे थे।

तीनों थाना प्रभारी मधेपुरा जिले के अलग-अलग थानों की कमान संभाल रहे थे। साजन पासवान रतवारा थाना प्रभारी थे। नीरज कुमार बेलारी थाना प्रभारी थे। ज्ञानेंद्र अमरेंद्र आरर थाना प्रभारी थे और ज्योतिष कुमार प्राइवेट ड्राइवर था।

बेगूसराय में पोस्टमॉर्टम के बाद सभी के शव मधेपुरा पुलिस लाइन लाए गए। यहां सभी को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरना नीरज कुमार की मां रोते-रोते बोलीं- बेटे का चेहरा दिखाओ। वो मेरी जान है।

टक्कर के बाद गाड़ी में फंसे पुलिस वाले

जानकारी के मुताबिक, मधेपुरा जिले के तीन थाना प्रभारी पटना में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) में हिस्सा लेने गए थे। ट्रेनिंग खत्म होने के बाद सभी एक ही कार से मधेपुरा लौट रहे थे।

इसी दौरान रात करीब 12.30 बजे साहेबपुर कमाल इलाके में उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे जा रहे एक ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और गाड़ी में सवार लोग अंदर ही फंस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भयानक थी कि कार सवार नीरज कुमार, ज्ञानेंद्र अमरेंद्र और ड्राइवर ज्योतिष कुमार की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। जबकि रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे।

स्थानीय लोगों और राहगीरों ने आनन-फानन में उन्हें कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा। इलाज के दौरान कुछ ही देर बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

क्रेन की मदद से गाड़ी में फंसे शवों को निकाला गया

हाईवे पर हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जैसे ही मामले की सूचना जिला प्रशासन को मिली, बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार और सदर डीएसपी आनंद पांडेय भारी संख्या में पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे शवों को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। मधेपुरा और बेगूसराय दोनों जिलों की पुलिस टीम इस घटना के बाद गहरे सदमे में है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

बेगूसराय SP मनीष ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद बताया कि हादसे के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर लग रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी ट्रक में जा घुसी।

Leave a Reply