ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मुंशी की निर्ममता से हत्या

पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया में गैंगवार को लेकर लगातार हत्या की वारदात हो रही है. जिले के रघुवंश नगर ओपी का मोजमपट्टी गांव में मंगलवार को बुचन यादव के मुंशी की जिंदा जला कर निर्मम हत्या कर दी गई. बुचन यादव के ईंट भट्ठा से मुंशी पप्पू सिंह का जला हुआ विभत्स रूप में शव बरामद हुआ. बुचन यादव के साढू गुड्डू का कहना है कि विपक्षी अखिलेश यादव और भूषण यादव ने ही जला कर पप्पू सिंह की हत्या की है. उन्होंने कहा कि पप्पू सिंह बूचन यादव के ईट भट्ठा पर करीब 25 वर्षों से काम कर रहा था. बीती रात अपने बेटी से भी उसने मोबाइल से बात की थी. सुबह में ईंट भट्ठा पर पूरी तरह जला हुआ पप्पू सिंह का शव बरामद हुआ. सूचना मिलते ही रघुवंश नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है.

रघुवंश नगर थाना प्रभारी महादेव कामत ने कहा कि स्थानीय लोगों का कहना है कि यह शव पप्पू सिंह का है. फिलहाल मौत कैसे हुई है यह पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा. शव पूरी तरह जला हुआ है जिस कारण पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेजना पड़ेगा. बूचन यादव के साढ़ू का कहना है कि मोजमपट्टी गांव में बूचन यादव और बालो यादव व अखिलेश यादव के बीच कई दशकों से गैंगवार हो रहा है जिसमें अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है. सिर्फ जनवरी माह में चार लोगों की हत्या हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *