कमजोर बाजार में जियो IPO ने चौंकाया, ₹7.40 लाख करोड़ की रिकॉर्ड डिमांड

सार्वजनिक बोलियों में पिछला रिकॉर्ड 47 हजार करोड़ रु से तोड़ा

 बड़े संस्थागत निवेशकों ने लगाईं करीब ₹3.87 लाख करोड़ की बोलियां, QIB कैटेगरी 10 मिनट में हो गई थी फुल

 दुनिया में पहली बार किसी IPO को 1 करोड़ से ज्यादा आवेदन, जियो में कुल 1.38 करोड़ से अधिक आवेदन

मुंबई, 24 अक्टूबर, 2026: जियो IPO में निवेशकों की करीब ₹7.40 लाख करोड़ की मांग ने बाजार को चौंका दिया है। बड़े संस्थागत निवेशकों का जबरदस्त भरोसा, रिटेल निवेशकों का उत्साह और शेयरहोल्डर्स व कर्मचारियों की भागीदारी ने जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO को कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड तक पहुंचा दिया। ₹30,213 करोड़ के देश के सबसे बड़े IPO में 1.38 करोड़ से ज्यादा आवेदन आए और अंतिम सब्सक्रिप्शन 22 गुना के पार पहुंच गया।

जियो ने IPO बाजार में ये कीर्तिमान ऐसे समय में कायम किए, जब शेयर बाजार पर दबाव बना हुआ था। विदेशी निवेशकों की बिकवाली, महंगे कच्चे तेल और वैश्विक अनिश्चितता ने बाजार का माहौल कमजोर कर रखा था। ऐसे में जियो के IPO को मिली मांग बाजार विशेषज्ञों की उम्मीदों से भी आगे निकल गई। साथ ही सार्वजनिक बोलियों की रकम के मामले में पिछला रिकॉर्ड भी टूट गया।

अक्टूबर 2025 में LG Electronics India के IPO की सार्वजनिक बिडिंग में करीब ₹4.43 लाख करोड़ की बोलियां आई थीं। जियो की गैर-एंकर बिडिंग में यह आंकड़ा करीब ₹4.90 लाख करोड़ रहा। यानी पिछले बेंचमार्क से लगभग ₹47 हजार करोड़ या 11 फीसदी ज्यादा। इसके अलावा जियो के एंकर निवेशकों से भी करीब ₹2.50 लाख करोड़ की मांग आई थी।

खासकर बड़े संस्थागत निवेशकों की मांग उम्मीद से कहीं आगे निकल गई। QIB कैटेगरी में करीब ₹3.87 लाख करोड़ की बोलियां आईं और यह 70.55 गुना सब्सक्राइब हुई। इस कैटेगरी का कोटा शुरुआती 10 मिनट में ही भर गया था। वहीं, पूरा IPO महज 100 मिनट में सब्सक्राइब हो गया। एंकर निवेशकों में वैश्विक फंडों, बीमा कंपनियों और घरेलू म्यूचुअल फंडों की दिलचस्पी भी रही। शुरुआती रफ्तार अंतिम दिन तक बनी रही और संस्थागत मांग में जबरदस्त उछाल देखने को मिला।

बड़े संस्थानों के साथ आम निवेशकों ने भी जियो IPO में रिकॉर्ड भागीदारी की। रिटेल कैटेगरी में ही एक करोड़ से ज्यादा आवेदन आने का रिकॉर्ड बना। रिलायंस के मौजूदा शेयरहोल्डर्स की कैटेगरी में 21 लाख से ज्यादा और कर्मचारी कैटेगरी में 2 लाख से अधिक आवेदन आए। रिटेल हिस्सा 2.72 गुना, शेयरहोल्डर कोटा 7.60 गुना और कर्मचारी कोटा 2.93 गुना सब्सक्राइब हुआ। दुनिया में पहली बार किसी IPO को कुल एक करोड़ से ज्यादा आवेदन मिलने का कीर्तिमान भी जियो के नाम रहा।

भारत के सबसे बड़े IPO की एक खासियत यह भी रही कि यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू था। यानी मौजूदा शेयरधारकों ने इसके जरिए अपनी हिस्सेदारी नहीं बेची। सब्सक्रिप्शन की रफ्तार भी असाधारण रही। पहले दिन यह 3.16 गुना, दूसरे दिन 5.57 गुना और तीसरे दिन 22.19 गुना तक पहुंच गया।

एक के बाद एक कीर्तिमान बनाने के बाद अब निवेशकों की नजर शेयरों के अलॉटमेंट और लिस्टिंग पर है। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक 26 अक्टूबर को अलॉटमेंट तय होगा और 28 अक्टूबर को जियो प्लेटफॉर्म्स की शेयर बाजार में लिस्टिंग प्रस्तावित है।

Leave a Reply