पटना, 01 अप्रैल। बिहार के पथ निर्माण मंत्री नन्द किशोर यादव ने कहा है कि लोकतंत्र का यह महापर्व 55 बनाम 5 वर्ष का हिसाब लेने देने का है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एन.डी.ए. की सरकार का 5 वर्ष का कार्यकाल एक खुली किताब है। कांग्रेस बताये कि उसने अपने 55 वर्ष के शासन में जनकल्याण के लिए क्या किया, कितना करोड़ लूटा, इसके कितने मंत्री आरोपी रहे और जेल की हवा भी खायी है।
श्री यादव ने आज यहाँ कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासन का 5 वर्ष का लेखा-जोखा देश के समक्ष मौजूद है, जरा कांग्रेस अपने 55 वर्ष का ब्योरा दे। हिसाब देने में युवराज राहुल गांधी की क्यों घिग्घी बंध जा रही है। एन.डी.ए. के 5 वर्ष के शासन में किसी पर एक दाग नहीं लगा लेकिन कांग्रेसी हुकूमत में गांधी परिवार के दर्जनों करीबियों ने करोड़ों-अरबों की लूट मचायी। उनके लिए दाग अच्छे रहे। अब जब देश का चौकीदार चौकन्ना होकर इसकी पड़ताल कर रहा है तो कांग्रेस की परत दर परत भ्रष्टाचार काली करतूतों की खुलती जा रही पटकथा ने तिलमिलाये युवराज की बोलती ही बन्द कर दी है।
श्री यादव ने कहा कि हाल के दिनों में कांग्रेस के नवसिखुए प्रधान राहुल गांधी जिस तरीके से सामाजिक वैमनस्यता उत्पन्न कर भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने की कोशिश कर रहे हैं, वह चोर मचाये शोर से कम नहीं। देश के चौकीदार ने आम जनता की खैरियत खबर ली है, तो युवराज को जनता के दुख-दर्द से कोई मतलब नहीं। घबराईये नहीं राहुल जी बिहार की जनता ने आपको जड़ समेत उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया है और सूबे की 40 में 40 सीट एन.डी.ए. की झोली में जाना तय है।
चौकन्ने चौकीदार की चौकीदारी से कांग्रेस की घिग्घी बंधी : नन्द किशोर
