पटना : रामनवमी के पावन अवसर पर प्रासंबी सरयूग विहार अपार्टमेंट सोसाइटी, पाटलिपुत्र कॉलोनी में सामूहिक सुंदरकांड पाठ, पूजा-अर्चना एवं भंडारा का भव्य एवं श्रद्धामय आयोजन किया गया। इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम में सोसाइटी के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा।
उल्लेखनीय है कि ठीक एक वर्ष पूर्व, पिछले रामनवमी के शुभ अवसर पर इसी सोसाइटी में साप्ताहिक सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ की शुरुआत की गई थी, जो निरंतर प्रत्येक शनिवार रात्रि 9 बजे आयोजित होता आ रहा है। इस नियमित आयोजन में सभी सदस्य श्रद्धा एवं भक्ति भाव से सम्मिलित होकर धार्मिक एकता एवं सामाजिक समरसता का परिचय देते हैं।
इस वर्ष रामनवमी का आयोजन इसलिए और भी विशेष रहा क्योंकि इसी दिन सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के एक वर्ष पूर्ण होने पर वार्षिकोत्सव भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुंदरकांड पाठ एवं पूजा-अर्चना के उपरांत भंडारा प्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें सोसाइटी के सदस्य, उनके परिवारजन, बच्चे तथा आसपास के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की सफलता में सोसाइटी के सम्मानित सदस्यों सुभाष चंद्र रॉय, सुमंत सिंह, प्रदीप कुमार, विजय कुमार, गौरव कुमार, राजीव रंजन, प्रमोद कर्ण, अभय कुमार, उमेश कुमार, ललित प्रसाद, ऋतुराज राज एवं अक्षत अजित सहित सभी निवासियों का विशेष योगदान रहा। सभी सदस्यों के सहयोग, समर्पण और उत्साह ने इस आयोजन को अत्यंत भव्य, सफल एवं स्मरणीय बना दिया।
समस्त कार्यक्रम का सफल संचालन अजीत कुमार ठाकुर एवं सुमंत सिंह द्वारा किया गया। यह आयोजन सामाजिक समरसता, धार्मिक आस्था और सामूहिक एकजुटता का अनुपम उदाहरण बनकर उभरा। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि साप्ताहिक हनुमान चालीसा पाठ का यह पावन क्रम भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।
