सम्राट अशोक सम्मान समारोह में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया विकास का संकल्प

पटना, 2 जुलाई 2025 — पटना के गर्दनीबाग स्थित मंत्री एन्क्लेव में आज भारतीय जनता पार्टी द्वारा “सम्राट अशोक सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी तथा संयोजक के रूप में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार उपस्थित हुए। कार्यक्रम में भगवानपुर प्रखंड, कैमूर जिले के निवासी प्रभु नारायण सिंह कुशवाहा ने दोनों मंत्रियों को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोगों से एनडीए सरकार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया और कहा कि बिहार को फिर से विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए एक बार फिर एनडीए सरकार बनाना आवश्यक है। उन्होंने सम्राट अशोक के आदर्शों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारत को एकसूत्र में बांधने का कार्य किया और आज हमें भी समाज को संगठित रखने की आवश्यकता है।

पर्यावरण मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी पालन करना जरूरी है। उन्होंने जंगलराज और लूट के दौर को याद करते हुए कहा कि अब बिहार में सुशासन है और समाज को बिखराव से बचाकर मानव सेवा की ओर प्रेरित करना समय की मांग है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे सामाजिक कार्यों में अपनी ऊर्जा लगाएं और समाज को सशक्त बनाएं।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा मुख्यालय प्रभारी ई. जितेंद्र कुशवाहा ने किया जबकि अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हेमलता वर्मा ने की। कार्यक्रम में महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती पिंकी कुशवाहा, भाजपा दक्षिण प्रांत संयोजक श्री मिथिलेश कुशवाहा, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती शीला कुशवाहा, मीना कुशवाहा, बिनोद कुशवाहा, मनोज कुमार और प्रमोद कुमार समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।

यह सम्मान समारोह सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव और राजनीतिक प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक बना, जिसमें कुशवाहा समाज की सक्रिय भागीदारी स्पष्ट रूप से नजर आई। आयोजन ने समाज को संगठित होकर राष्ट्रनिर्माण में योगदान देने की प्रेरणा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *