पटना, 28 दिसंबर 2025: हरी कृष्णा ग्रुप की अग्रणी ज्वेलरी ब्रांड किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी ने किसना डायमंड मैराथन के 10वें ऐतिहासिक संस्करण के अंतर्गत पटना में पहले संस्करण का सफल आयोजन किया।
‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ थीम पर आधारित इस मैराथन में पटना एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पटना में आयोजित इस मैराथन में 5 किमी एवं 10 किमी दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं, महिलाओं और फिटनेस प्रेमियों की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली। दौड़ के समापन के पश्चात 5 किमी और 10 किमी श्रेणी में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह और बढ़ा।
यह मैराथन देशभर के 57 शहरों में एक साथ आयोजित की गई, जिसे “एक साथ सबसे अधिक शहरों में 5 किमी दौड़ के समन्वित आयोजन” श्रेणी के अंतर्गत गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रयास के रूप में आधिकारिक रूप से पंजीकृत किया गया है। इस राष्ट्रव्यापी पहल ने फिटनेस, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुँचाया।
राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, इस मैराथन से प्राप्त आय को स्वच्छ भारत अभियान को समर्पित किया गया।
इस अवसर पर हरी कृष्णा ग्रुप के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक घनश्याम ढोलकिया ने कहा, “किसना डायमंड मैराथन के 10वें ऐतिहासिक संस्करण के अंतर्गत पटना में आयोजित पहला संस्करण यह दर्शाता है कि शहर के लोग स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक उद्देश्यों को लेकर जागरूक हैं। प्रतिभागियों का उत्साह इस आयोजन की सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है।” स्थानीय स्तर पर आयोजित यह मैराथन फिटनेस के साथ-साथ स्वच्छ भारत अभियान को मजबूती प्रदान करने वाला एक सराहनीय प्रयास साबित हुआ।
