रेलकर्मी के अथक प्रयास से ही पूर्व मध्य रेल नयी उचाई प्राप्त करेगा- जीएम

पटना। महाप्रबंधक अनुपम शर्मा की अध्यक्षता में मुख्यालय स्थित सभाकक्ष में ईस्ट सेन्ट्रल कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ कर्मचारी कल्याण संबंधी कार्यों पर विचार-विमर्श एवं सुझावों के आदान प्रदान हेतु स्थायी वार्ता तंत्र (पीएनएम) की वर्ष 2021 की दूसरी बैठक का आयोजन हुआ। अपर महाप्रबंधक अशोक कुमार, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी जे के पी सिंह सहित प्रमुख विभागाध्यक्ष एवं कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी बैठक में उपस्थित थे ।

इस अवसर पर अपने संबोधन में महाप्रबंधक श्री शर्मा ने कहा कि कर्मचारी हित अति महत्वपूर्ण है एवं रेल प्रशासन इसके लिए प्रतिबद्ध है। विशेषकर महिला रेलकर्मी को कार्यस्थल पर आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराना हमारी प्राथमिकता है।

कोरोना के दौरान हमारे रेलकर्मियों ने बेहतर कार्य निष्पादन किया इसी का परिणाम है कि हमारा माल लदान निरंतर बढ़ रहा है। महाप्रबंधक महोदय ने प्रशासन के साथ सहयोगात्मक रवैये के लिए कर्मचारी यूनियन के प्रति आभार प्रकट करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि रेलकर्मी के अथक परिश्रम से पूर्व मध्य रेल आने वाले समय में नई ऊंचाई प्राप्त करने में सफल रहेगा।

बैठक में कर्मचारी यूनियन ने रेलवे अस्पताल को और उन्नत किये जाने, महिला कर्मचारियों हेतु आवश्यक सुविधाओं का विकास, कर्मचारी कल्याण से संबंधित विभिन्न विषयों, खेलों के विकास में रेलवे का योगदान, बढ़ते कार्यभार के अनुरूप अतिरिक्त पदों के सृजन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। महाप्रबंधक ने कर्मचारी यूनियन की सभी मॉंगों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसे यूनियन प्रतिनिधियों द्वारा सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

उन्होंने उच्चाधिकारियों को कर्मचारी यूनियन की मॉंगों तथा कर्मचारी कल्याण के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने का निर्देश दिया। इस बैठक का संचालन मुख्य कार्मिक अधिकारी (आई.आर.) सुरेश चन्द्र श्रीवास्तव द्वारा संचालित किया गया। ईस्ट सेन्ट्रल कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष डी के पाण्डेेय, महामंत्री एस एन पी श्रीवास्तव, कार्यकारी अध्यक्ष एस एस डी मिश्रा एवं यूनियन के अन्य पदाधिकारियों ने अपना-अपना मंतव्य रखा।

श्वेता / पटना

Related posts

Leave a Comment