हजारों अद्वितीय उत्पादों के विशेष संग्रह के साथ ज्ञान भवन में शुरू हुआ महिला उधमी फागुनोत्सव – 2025

पटना (27 फरवरी, 2025) : बिहार महिला उद्योग संघ द्वारा आयोजित महिला उधमी फागुनोत्सव – 2025 का शुभारंभ गुरुवार को ज्ञान भवन में किया गया। इस मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन के कर – कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के तौर पर एमएसएमई डीएफओ पटना के निदेशक सी एस एस राव, नाबार्ड के डीजीएम बी डी नायक, केवीआईसी के निदेशक एच एम मेवाती, बीआईए के अध्यक्ष के पी एस केसरी, रुबन हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. सत्यजीत सिंह, बिहार महिला संघ की अध्यक्ष उषा झा सहित संघ के वरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में लोगों को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि बिहार सरकार के नगर विकास मंत्री नितिन नवीन ने पटना में राष्ट्रीय स्तर के आयोजन के लिए बिहार महिला उद्योग संघ को अपनी शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि बिहार महिला उद्योग संघ स्थानीय उद्यमियों और कलाकारों को आगे बढ़ाने का निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि उद्यम के क्षेत्र में बिहार की महिलाओं की बड़े स्तर पर सहभागिता देखी जा रही है। इस प्रदर्शनी के आयोजन से बिहार के साथ – साथ देश की भी अर्थव्यवस्था में बढ़ोतरी होगी।

वहीं अपने संबोधन में बिहार महिला उद्योग संघ की अध्यक्ष उषा झा ने बताया कि इस पांच दिवसीय मेले का आयोजन विशेष रूप से महिला उद्यमियों के लिए किया गया है ताकि वो इस मंच के माध्यम से अपने द्वारा तैयार किये गए सामानों को बेच सकें। मेले में कुल 200 स्टॉल लगाया गया है जिसमें पटना के साथ – साथ बिहार के विभिन्न जिलों की महिला उद्यमी प्रतिभागी शामिल हुई हैं। मेले में बिहार के भिन्न – भिन्न क्राफ्ट जैसे मिथिला पेंटिंग, सुजनी, काथा, एप्लिक, खटुआ, टिकुली, बैम्बू, सेवा क्षेत्र में कार्य करने वाली उद्यमी, फूड प्रोडक्ट इत्यादि का स्टॉल है। इसके साथ – साथ देश के अन्य राज्य जैसे पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, आसाम, कश्मीर, झारखंड इत्यादि से भी प्रतिभागी शामिल हुई हैं।

हजारों अद्वितीय उत्पादों के प्रदर्शन के साथ मेले का आयोजन एक भव्य प्रदर्शनी माहौल में किया गया है जिसका समापन 3 मार्च, 2025 को होगा। यह मेला सुबह 10 : 30 बजे से रात 8 : 00 बजे तक ग्राहकों के निःशुल्क प्रवेश के साथ खुला रहेगा। उन्होंने कहा कि मेले में 28 फरवरी को भारतीय रिजर्व बैंक, पटना द्वारा वित्तीय समझदारी समृद्ध नारी का कार्यक्रम किया जाएगा जबकि 1 मार्च 2025 को सरकार के इ कॉमर्स (जीईएम) पर वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है जिसमें जीईएम के पदाधिकारी के द्वारा महिला उद्यमियों को जानकारी दिया जाएगा और उन्हें जागरूक किया जायेगा। इस मौके पर संघ की उपाध्यक्ष इंदु अग्रवाल, किरण रंजन, पूर्णिमा रॉय, सचिव मेनका सिन्हा, कार्यपालक निदेशक साधना झा, कोषाध्यक्ष अंकिता तिवारी, कार्यकारिणी सदस्य अम्बिका देव, रुचि चौधरी, नितिका अग्रवाल प्रियंका सिन्हा, एवं बिहार महिला उद्योग संघ की अन्य सदस्य उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *