दुघर्टनाग्रस्त ट्रेन में बिहार के कई स्टेशनों से चढ़े थे यात्री रेलवे ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

पटना। गुरुवार को गुवाहाटी जाने वाली गुवाहाटी बीकानेर एक्सप्रेस जलपाईगुड़ी स्टेशन के समीप दुघर्टनाग्रस्त हो गयी। इस ट्रेन दुघर्टना में 5 लोगों की मौत हो गयी। इस ट्रेन के दुघर्टनाग्रस्त होने के बाद पूर्व मध्य रेलवे ने अलग अलग स्टेशनों पर हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। दानापुर और पटना जंक्शन पर बनाए गए कंट्रोल रूम में परिजन अपनों की जानकारी लेते नजर आए। अलग अलग स्टेशनों पर हादसे की जानकारी के लिए पूर्व मध्य रेलवे ने कंट्रोल रूम बनाकर हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि पूर्व मध्य रेल के विभिन्न स्टेशनों पर नंबर जारी कर ट्रेन यात्रियों और उनके परिजनों के लिए सूचना दी जा रही है। बीकानेर गुवाहाटी एक्सप्रेस गुरुवार को पटना जंक्शन अपने निर्धारित समय गुरुवार सुबह चार बजे की जगह पौने दो घंटे की देरी से पहुंची और सुबह 5.54 बजे खुली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से खुलने के बाद बिहार में यह ट्रेन पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, बरौनी, खगडिय़ा, नौगछिया, कटिहार और किशनगंज में रुकी। इतनी जगहों से यात्री इस ट्रेन में सवार हुए। इस ट्रेन में घायलों में बिहार के भी कई यात्री बताए जा रहे हैं। रेलवे सूत्रों ने बताया कि देर शाम तक दुर्घटनास्थल पर 50 से अधिक एम्बुलेंस और एंबुलेंस रिलीफ  ट्रेन भी पहुंच चुकी थी। बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। रात होने की वजह से घायलों को निकालने में दिक्कत हो रही है। पटना जंक्शन से इस ट्रेन में 98 यात्री सवार हुए थे। पटना जंक्शन के आरक्षण केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार एसी द्वितीय श्रेणी में पटना से 2 यात्री, एसी तृतीय श्रेणी में 10 यात्री पटना जंक्शन से ट्रेन पकड़े। शयनयान श्रेणी में 37 यात्रियों का पटना जंक्शन से गुवाहाटी, कटिहार ,न्यू जलपाईगुड़ी, रंगिया, कामाख्या, न्यू कूच बिहार समेत अन्य जगहों के लिए आरक्षण था। वहीं सामान्य श्रेणी में कुल 49 यात्रियों ने पटना जंक्शन से अपना आरक्षण कराया था। पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ राजेश कुमार ने बताया कि मोकामा और बख्तियारपुर से 2-2 यात्रियों का स्लीपर में इस ट्रेन में आरक्षण थाए जबकि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से इस ट्रेन में कुल 25 यात्रियों का अलग.अलग श्रेणी में आरक्षण था। पूर्व मध्य रेल के कार्य क्षेत्र में आने वाले स्टेशनों से 127 यात्री इस ट्रेन में सवार हुए थे। पं दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन से सवार यात्रियों में आठ लोगों का ही टिकट न्यू जलपाईगुड़ी से आगे का था।

यह है हेल्पलाइन नंबर
पटना जंक्शन- 9341506016
दानापुर- 06115 232398,  07759070004
मोकामा- 9341506022,
कियूल – 9341506032,
झाझा-  9341504997,
आरा – 9341505981
सोनपुर – 06158.221645
नवगछिया- 8252912018
बरौनी- 8252912043
खगडिय़ा – 8252912030

Related posts

Leave a Comment