अगले सत्र के पूर्व हर सदस्यों के सीट पर लगेंगे कंप्यूटर

पटनाबिहार विधान परिषद् के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह ने अखिल भारतीय पीठासीन पदाधिकारियों के सम्मेलन संबोधित करते हुए कहा कि विधान परिषद् के अगले सत्र के पूर्व सदन में सभी सदस्यों की सीट पर कम्‍प्‍यूटर लगा दिया जाएगा। परिषद् सचिवालय द्वारा कोशिश की जा रही है कि नेशनल ई-विधान (नेवा) सॉफ्टवेयर का उपयोग कर प्रश्‍न, नोटिस एवं विभागीय उत्तर सहित समिति के कार्यकलापों को भी सम्पादित किया जाएगा।

सदन की कार्यवाही का सीधा प्रसारण टेलीविजन के माध्यम से कराने की भी आवश्यकता पर सभापति ने जोर दिया। विगत 197वें सत्र की कार्यवाही की चर्चा करते हुए सभापति ने इसके लिए सदस्यों को धन्यवाद दिया जिनके कारण निर्बाध रूप से कार्यवाही सम्पादित की गई। परिषद् की विभिन्न समितियों की सक्रियता की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सदन के सत्र में नहीं रहने की अवधि में जनहित के कार्यों के लिए समिति की सक्रियता अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।

सभापति ने त्रिस्तरीय जनप्रतिनिधियों को परामर्श द्वारा समिति का सदस्य बनाने के संबंध में बिहार सरकार द्वारा लिए गए निर्णय की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसका अनुकरण देश के अन्य राज्योंं द्वारा भी किया जाना चाहिए। कोरोना काल में तीन सदस्य एवं पांच कर्मचारियों की दुखद मृत्यु की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इनके परिवारजनों के कल्याणार्थ योजनाओं के कार्यान्वयन पर विचार किया जा रहा है।

विधान परिषद् में आयोजित कोरोना टीकाकरण विशेष अभियान की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इसका लाभ सदस्यगण एवं कर्मचारियों के परिवारजनों द्वारा भी किया गया है। विप सदस्यों के लिए प्रशिक्षण, शोध संदर्भ एवं अन्य संविधानिक सहायता को सुदृढ़ करने एवं इसके लिए लोकसभा सचिवालय से परामर्श लेने की आवश्यकता पर बल दिया। पीठासीन अधिकारियों के वर्चुअल सम्मेलन में सचिव विनोद कुमार भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *