सांसद सुधाकर सिंह ने ऊर्जा मंत्री को लिखा पत्र- कृषि फीडरों में कम से कम 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग

8 जुलाई 2025, बक्सर।
बक्सर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री सुधाकर सिंह ने बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री को एक पत्र लिखकर राज्य के किसानों के हित में कृषि फीडरों में बिजली आपूर्ति को 8 घंटे से बढ़ाकर कम-से-कम 18 घंटे प्रतिदिन करने की मांग की है। उन्होंने इसे प्रदेश के लाखों किसानों की आजीविका, कृषि उत्पादन और खाद्य सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला करार दिया है।

पत्र में उन्होंने कहा है कि वर्तमान समय में धान की रोपनी का प्रमुख मौसम है और इसके लिए निरंतर और पर्याप्त सिंचाई व्यवस्था अनिवार्य है। परंतु वर्तमान में केवल औसतन 8 घंटे ही बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे रोपनी कार्य और अन्य कृषि कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते बिजली आपूर्ति नहीं बढ़ाई गई, तो धान की फसल पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा और इसका सीधा असर राज्य की खाद्य सुरक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।

श्री सिंह ने विशेष रूप से यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 2023-24 और 2024-25 को बिहार में धान उत्पादन की दृष्टि से महत्वपूर्ण वर्ष माना जा रहा है। यदि इस समय पर किसानों को बिजली नहीं मिली तो राज्य का कृषि उत्पादन बुरी तरह गिर सकता है।

अतः सांसद ने ऊर्जा मंत्री से आग्रह किया है कि कृषि कार्यों की महत्ता को ध्यान में रखते हुए कृषि फीडरों में न्यूनतम 18 घंटे बिजली आपूर्ति प्रतिदिन सुनिश्चित की जाए, ताकि किसान समय पर अपना कार्य कर सकें और राज्य की कृषि क्षमता को बनाए रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *