टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया दौरे की मिली सरकार से हरी झंडी, क्वारंटाइन में ट्रेनिंग की मिली परमिशन

टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया दौरा शुरू होने से पहले राहत मिली है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और न्यूसाउथ वेल्स की सरकार ने भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे को हरी झंडी दे दी है. टीम इंडिया सिडनी और कैनबरा से दौरे की शुरुआत करेगी. ‘ईएसपीएनकिकइंफो’ की गुरुवार की खबर के अनुसार न्यू साउथ वेल्स सरकार और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक समझौते के तहत इंडियन प्रीमियर लीग से लौटने वाले भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को क्वारंटाइन के दौरान सिडनी में ट्रेनिंग की अनुमति दे दी है. अब हर किसी को दौरे के लिए बीसीसीआई की तरफ से हरी झंडी का इंतज़ार है.

भारतीय टीम को पहले ब्रिस्बेन पहुंचना था लेकिन क्वींसलैंड राज्य स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस दौरान विराट कोहली एंड कंपनी को ट्रेनिंग करने की अनुमति के लिए 14 दिन के क्वारंटाइन नियम में राहत नहीं दी. भारत को ऑस्ट्रेलियाई दौरे के दौरान तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय, तीन वनडे और चार टेस्ट मैच खेलने हैं. दौरे पर पहले दो वनडे 27 और 29 दिसंबर को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जाएंगे. इसके अलावा तीसरा वनडे और पहला टी-20 मैच कैनबरा में खेले जाएंगे. इसके बाद सीरीज़ के आखिरी दो टी–20 मैच सिडनी में होंगे.

गुलाबी गेंद का टेस्ट 17 से 21 दिसंबर तक एडीलेड में दूधिया रोशनी में खेला जाएगा. अगर कोविड-19 हालात के कारण मेलबर्न अधिकारियों को एमसीजी में मैच की मेजबानी की अनुमति नहीं देता तो 26 दिसंबर से होने वाला बॉक्सिंग-डे टेस्ट एडीलेड में भी खेला जा सकता है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के भारतीय क्रिकेट बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद पूर्ण कार्यक्रम घोषित करने की उम्मीद है. सिडनी में नव वर्ष टेस्ट मैच को सात से 11 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है, जिसके बाद टीमें 15 जनवरी से होने वाले चौथे और अंतिम टेस्ट के लिए ब्रिसबेन पहुंच जाएंगी.

भारत ने पिछली बार 2018 में ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था. विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया को पहली बार टेस्ट सीरीज़ में यहां जीत मिली थी. बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हरा दिया था. भारत को मेलबर्न और एडिलेड में जीत मिली थी. इससे पहले भारत को पहले कभी भी टेस्ट सीरीज़ में ऑस्ट्रेलिया की धरती पर जीत नहीं मिली थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *