राष्ट्रपति चुनाव में 241 विधायकों ने डाले वोट

पटना। राष्ट्रपति चुनाव का मतदान संपन्न हो गया। बिहार विधानसभा स्थित लाइब्रेरी सभागार में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक 242 विधायकों के लिए मतदान की व्यवस्था की गयी थी। राष्ट्रपति चुनाव के लिए एक बैलेट बॉक्स दिल्ली से बिहार आया था उसी में विधायकों ने मतपत्र द्वारा मतदान किया।

मतदान के बाद बैलेट बॉक्स को सील कर कड़ी सुरक्षा में वापस दिल्ली भेज दिया गया है। 21 जुलाई को मतगणना होगी। बिहार विधानसभा स्थित लाइब्रेरी सभागार में हुए मतदान में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने राष्ट्रपति चुनाव को लेकर पहला मतदान किया।

वहीं भाजपा विधायक मिथिलेश कुमार स्ट्रेचर पर आए और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उनका एक्सीडेंट हो गया था तथा वे इलाजरत थे। उन्होंने कहा कि वो बीजेपी के जमीनी कार्यकर्ता हैं। देश के लिए लाखों जवानों ने आहुति दी है। उनका एक्सीडेंट मायने नहीं रखता है। मतदान केंद्र के अंदर जिलाधिकारी डा चंद्रशेखर सिंह के निर्देशानुसार किसी भी मतदाता को मोबाइल फोन लेकर जाने की इजाजत नहीं थी।

पटना के डीएम ने मतदान केंद्र के आसपास सख्त सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए हैं। बिना अनुमति के कोई भी मतदान केंद्र के पास नहीं जा सकता था। मिली जानकारी के अनुसार बिहार विधानसभा के 243 विधायकों में 241 विधायकों ने अपने मत का प्रयोग किया। पूर्व विधायक अनंत सिंह आम्र्स एक्ट के मामले में सजायफ्ता होने के कारण उनकी विधायकी समाप्त हो गयी इसलिए वे मतदान नहीं कर सके तथा सहकारिता मंत्री सुभाष सिंह के अस्वस्थ होने के कारण दिल्ली में इलाजरत होने के कारण वे भी अपने मत का प्रयोग नहीं कर सके।

Related posts

Leave a Comment