पटना : बेली रोड स्थित मैटकेयर मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल में होली मिलन सह आशीर्वाद समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री मंगल पाण्डेय जी रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में शशांक शेखर सिन्हा (आईएएस), मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी, बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति (आयुष्मान भारत) एवं मैटकेयर पटना हेड डॉ. दयानिधि कुमार की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई।
इसके पश्चात अतिथियों को अस्पताल के विभिन्न विभागों, जिनमें ऑपरेशन थिएटर एवं नवजात गहन चिकित्सा इकाई शामिल हैं, का अवलोकन कराया गया। औपचारिक कार्यक्रम में उद्घाटन पट्ट का अनावरण, रिबन कटिंग एवं अशोक वृक्ष के सिंचन के माध्यम से शुभारंभ किया गया। अपने संबोधन में स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री मंगल पाण्डेय ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य राज्य सरकार की प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि ऐसे समर्पित अस्पताल स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं पहुँच को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा प्रदान करते हैं।
इसके उपरांत शशांक शेखर सिन्हा (आईएएस) ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सुदृढ़ स्वास्थ्य प्रणाली के लिए पारदर्शी व्यवस्था, सुव्यवस्थित क्रियान्वयन एवं जनसुलभ सेवाएँ आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि मैटकेयर जैसे संस्थान सार्वजनिक स्वास्थ्य तंत्र को मजबूती प्रदान करते हैं। कार्यक्रम का सफल समन्वय डॉ. शिप्रा भारती, शुभम पाण्डेय एवं जिज्ञासा द्वारा किया गया। होली विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का चयन एवं संचालन मधुकर एवं उनकी टीम द्वारा किया गया जिसने समारोह में उत्साह एवं सांस्कृतिक रंग भर दिए। समारोह का समापन डॉ. सुनीता कुमारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
