इंदिरा जयंती – भारत की लौहमहिला कही जाने वाली इंदिरा गांधी का आज है जन्मदिन

भारत की लौहमहिला कही जाने वाली इंदिरा गांधी का आज जन्मदिन है.देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की बेटी इंदिरा का जन्म 19 नवंबर 1917 को इलाहाबाद में हुआ था. उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अपनी वानर सेना बनाई और सेनानियों के साथ काम किया था. भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपने जीवन में पद रहते हुए कई ऐसे बड़े फैसले लिए, जिसके लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा. हालांकि इनमें कई फैसलों पर विवाद भी हुआ. सवाल उठे. लेकिन समय के साथ इंदिरा अपने इन फैसलों के साथ आमतौर पर सही नजर आईं.

देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की आज जयंती है. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. राहुल गांधी ने शक्ति स्थल जाकर तो सोनिया ने इंदिरा गांधी मेमोरियल संग्रहालय में पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उनकी जयंती पर नमन किया है. उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी को उनकी जयंती पर नमन.’

इंदिरा तब भारत की प्रधानमंत्री बनी थीं, जब कांग्रेस में एक मजबूत सिंडिकेट था. उन्हें लगता था कि लालबहादुर शास्त्री के निधन के बाद अगर उन्होंने किसी दमदार कांग्रेस नेता को प्रधानमंत्री बनाया तो उसे अपनी कठपुतली बनाकर नहीं रख सकेंगे. इसी के चलते तब प्रधानमंत्री पद के सबसे मजबूत दावेदार मोरारजीभाई देसाई का पत्ता सिंडिकेट ने काट दिया. कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष कामराज ने इंदिरा को इसलिए प्रधानमंत्री बनाया क्योंकि वो उन्हें मूक गुड़िया लगती थीं. प्रधानमंत्री बनने के बाद इंदिरा ने लगातार अपनी स्थिति मजबूत की. समय आने पर उन्होंने इस दमदार कांग्रेस सिंडिकेट को छिन्न भिन्न करके अपने दम पर समानांतर कांग्रेस खड़ी की, जिसने बाद में असली कांग्रेस की जगह ली.की सत्ता संभाली.

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के वो बडे़ फैसले, जिसने देश को  हैरत में डाला, और वाहवाही लूटी.

अमेरिका के साथ खाद्यान्न समझौता और मुद्रा अवमूल्यन – प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में भयंकर अनाज संकट की स्थिति थी. इससे निपटने के लिए इंदिरा ने अपने अमेरिका दौरे में एक बड़ा समझौता किया, जिसके तहत भारत को अमेरिका से खाद्यान्न भेजा गया. लेकिन अमेरिका ने उसके लिए दो कड़ी शर्तें भी रखीं. पहली भारत को वियतनाम के खिलाफ अमेरिका की मदद और दूसरा अपनी मुद्रा का अवमूल्यन. भारत में इस समझौते की कड़ी आलोचना हुई. अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ा लेकिन इससे भारत में खाद्यान्न संकट से उबरने में मदद मिली.
बैंकों का राष्ट्रीयकरण –  1966 में देश में बैंकों की केवल 500 के आसपास शाखाएं थीं. जिसका फायदा आमतौर पर धनी लोगों को ही मिलता था. लेकिन बैंकों के राष्ट्रीयकरण के बाद बैंकों का फायदा आम आदमी को भी मिलना शुरू हुआ. उन्होंने बैंक में पैसे जमा करने शुरू किए. हालांकि उस समय इंदिरा के इस फैसले को सत्ता के केंद्रीकरण और मनमानी के तौर पर देखा गया. इंदिरा ने ये फैसला बहुत नाटकीय तरीके से लिया.
कांग्रेस का विभाजन करना- 1969 में कांग्रेस सिंडिकेट इंदिरा गांधी को पद से उतारने की तैयारी में लगा था. फिर स्थिति ऐसी आ गई कि इंदिरा ने आर-पार की लड़ाई लड़ने का तय कर लिया. उन्होंने पार्टी के भीतर ही नई पार्टी बना ली. उनके इस कदम को जिद, हिटलरशाही, बांटो और राज करो औऱ बढ़ती महत्वाकांक्षा के तौर पर देखा गया. लेकिन आने वाले समय में कांग्रेस के पुराने ताकतवर नेताओं की कांग्रेस डूब गई और जनता ने इंदिरा गांधी की कांग्रेस को भारी मतों से जिताया.
परमाणु कार्यक्रम – चीन से आसन्न खतरे से बचने के लिए श्रीमती गांधी ने परमाणु कार्यक्रम को अपनी प्राथमिकता सूची में रखा. वैज्ञानिकों को लगातार उत्साहित करके वैज्ञानिक संस्थाओं को बढ़ावा दिया. इसके चलते मई 1974 में भारत ने पहली बार पोखरण में स्माइलिंग बुद्धा आपरेशन के नाम से सफलतापूर्वक भूमिगत परीक्षण किया. भारत ने साफ कर दिया था कि वो इसका प्रयोग केवल शांतिपूर्ण इस्तेमाल के लिए किया है. इससे दुनियाभर में भारत की धाक जम गई.
पाकिस्तान युद्ध का ऐलान और नया बांग्लादेश बनाया-  पाकिस्तान बनने के बाद से उसके पूर्वी हिस्से में लगातार बंगालियों के खिलाफ दमनचक्र चल रहा था . इसके चलते भारत में बड़े पैमाने पर शरणार्थी आने लगे. भारत ने इसे लेकर पाकिस्तान को चेतावनी दी. जिस पर अमेरिका ने भारत को घुड़का कि अगर उसने पाकिस्तान के खिलाफ कोई भी कार्रवाई की तो अंजाम अच्छे नहीं होंगे. इसके बाद भी भारत ने पूर्वी पाकिस्तान में सेनाएं भेजकर इस इलाके को आजाद करा दिया. जो बांग्लादेश के तौर पर सामने आया. अमेरिका लाख चाहकर भी इस मामले में कुछ नहीं कर सका. इसने दुनियाभर में इंदिरा गांधी की छवि एक लौहमहिला नेता की बना दी.
गरीबी हटाओ – 1971 में इंदिरा गांधी ने विपक्षियों की अपील “इंदिरा हटाओ” के जवाब में “गरीबी हटाओ” का नारा दिया. इसके तहत वित्त पोषण, ग्राम विकास, पर्यवेक्षण और कर्मिकरण आदि कार्यक्रम प्रस्तावित थे. यद्यपि ये कार्यक्रम गरीबी हटाने में असफल रहा लेकिन इंदिरा गांधी के इस नारे ने काम किया और उन्होंने चुनाव जीत लिया.
आपातकाल- ये प्रधानमंत्री के तौर पर इंदिरा गांधी का सबसे विवादास्पद फैसला था. जिसके लिए आज भी उनकी आलोचना की जाती है. जयप्रकाश नारायण की अगुवाई में विपक्ष ने देशभर में प्रदर्शन करने शुरू किए. हड़ताल होने लगी. इसने इंदिरा गांधी को इतना डरा दिया कि उन्होंने आपातकाल की घोषणा कर दी. इसमें नागरिक स्वतंत्रता का हनन हुआ. बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियां हुईं. प्रेस की आजादी खत्म कर दी गई. कानूनों में गैरकानूनी फेरबदल हुए. तुगलकी फरमानों के कारण आपातकाल भारतीय राजनीति का सबसे विवादास्पद काल बन गया. हालांकि जनवरी 1977 में इसे हटाकर इंदिरा ने नए चुनावों की घोषणा की, तब नाराज जनता ने उन्हें बुरी तरह से हरा दिया.
आपरेशन ब्लू स्टार –  पंजाब में खालिस्तान की मांग जोर पकड़ती जा रही थी. पूरा देश इसके चलते आतंकवाद की चपेट में था. जनरैल सिंह भिंडरावाला खालिस्तान का नेता बन गया था. उसने स्वर्ण मंदिर को अपना ठिकाना बनाया. वहां बडे़ पैमाने पर सिख आतंकी शरण पाने लगे थे और भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक जमा किए जा रहे थे. ऐसे में भिंडरावाला को अमृतसर मंदिर से निकालने के लिए इंदिरा गांधी के आदेश पर सेना ने 04 जून 1984 से एक आपरेशन शुरू किया. इसमें भिंडरावाला और उसके साथी मार गिराए गए. ये आपरेशन सफल रहा लेकिन इससे स्वर्ण मंदिर को नुकसान हुआ और सैकड़ों जानें गईं. सिखों की भावनाएं भी बड़े पैमाने पर इससे आहत हुईं. इस कदम को लेकर इंदिरा के खिलाफ आमतौर पर सिखों में खासा गुस्सा दिखा. बाद में इंदिरा के सिख गार्डों ने इसी का प्रतिशोध लेते हुए दिल्ली के प्रधानमंत्री आवास में 31 अक्टूबर 1984 में उनकी हत्या कर दी.