G20: गांधीनगर में दूसरी पर्यावरण और जलवायु स्थिरता कार्य समूह की बैठक शुरू

भारत की G20 अध्यक्षता के तहत दूसरी पर्यावरण और जलवायु स्थिरता कार्य समूह (ECWG) की बैठक आज (सोमवार) 27, मार्च 2023 को गुजरात के गांधीनगर में शुरू हुई। बैठक की शुरुआत G20 सदस्य देशों द्वारा जल संसाधन प्रबंधन पर सर्वोत्तम प्रथाओं पर एक प्रस्तुति देने के साथ हुई। तीन दिवसीय आयोजन (27-29 मार्च 2023) में 11 आमंत्रित देशों और 14 अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के साथ G20 सदस्य देशों के लगभग 130 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। आइए अब जानते हैं कि बैठक में किन अहम मुद्दों पर चर्चा होगी….

इन मुद्दों पर होगी चर्चा

तीन दिवसीय बैठक में भूमि क्षरण को रोकने, पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली में तेजी लाने और जैव विविधता को समृद्ध करने, संसाधन दक्षता और चक्रीय अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहित करने और एक स्थायी और जलवायु अनुकूल ब्लू इकोनॉमी को बढ़ावा देने जैसे विषयगत क्षेत्रों पर केंद्रित होगी। बैठक के दौरान नमामि गंगे, क्लाइमेट रेजिलिएंट इंफ्रास्ट्रक्चर, पार्टिसिपेटरी ग्राउंड वाटर मैनेजमेंट, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन जैसी प्रमुख पहलों पर विशेष प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। इस दौरान कपड़ा और रेल राज्य मंत्री दर्शना विक्रम जरदोश द्वारा 28 मार्च को बैठक का उद्घाटन करने की उम्मीद है।

प्रतिनिधियों के लिए क्या होगा खास ?

बैठक के एक भाग के रूप में आयोजित भ्रमण के दौरान प्रतिनिधियों को आधुनिकता और परंपरा के मिश्रण को देखने का अवसर मिलेगा। अडालज की प्राचीन बावड़ी के माध्यम से भारत की प्राचीन जल प्रबंधन प्रथाओं का प्रदर्शन किया जाएगा और साबरमती साइफन में भारत की इंजीनियरिंग कौशल का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रतिनिधियों को विशेष रूप से तैयार किए गए नृत्य और संगीत प्रदर्शनों के माध्यम से गुजरात की जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं का अनुभव करने का अवसर भी मिलेगा। केवल इतना ही नहीं प्रतिनिधियों को यात्रा के दौरान कई स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर भी मिलेगा।

G20 सदस्य देश सर्वोत्तम प्रथाओं पर देंगे प्रस्तुतियां

सम्मेलन जल शक्ति मंत्रालय के नेतृत्व में जल संसाधन प्रबंधन पर एक साइड इवेंट के साथ शुरू हो रहा है, जहां G20 सदस्य देश इस विषय पर सर्वोत्तम प्रथाओं पर प्रस्तुतियां देंगे। अंतिम दिन अधिक तकनीकी सत्र होंगे और अंतिम मंत्रिस्तरीय विज्ञप्ति की रूपरेखा पर चर्चा होगी। यह जानकारी आज पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के संयुक्त सचिव नीलेश के साह और जल शक्ति मंत्रालय के संयुक्त सचिव सुबोध यादव ने एक संवाददाता सम्मेलन में साझा की।

प्रतिनिधियों के साथ उच्च गुणवत्ता वाले कार्यों को किया जाएगा साझा

जल शक्ति मंत्रालय के तहत विभिन्न संगठन बैठक के दौरान अटल भुजल योजना, स्वच्छ भारत अभियान, जल जीवन मिशन, नमामे गंगे, जल शक्ति अभियान, राष्ट्रीय जल मिशन आदि विषयों पर स्टाल लगाएंगे और प्रतिनिधियों के साथ उच्च गुणवत्ता वाले कार्यों को साझा करेंगे।

सतत भविष्य के प्रयासों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम

उल्लेखनीय है कि दूसरी ECSWG बैठक G20 देशों, आमंत्रित देशों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के सतत और लचीले भविष्य के प्रयासों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय सभी हितधारकों के साथ प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में से प्रत्येक के तहत परिणाम प्राप्त करने और सभी के लिए एक स्थायी और लचीला भविष्य प्राप्त करने के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related posts

Leave a Comment