पटना के दानापुर में बदमाशों ने पूर्व प्रखंड प्रमुख सुनील राय के भतीजे श्रवण कुमार (17) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना दानापुर थाना क्षेत्र सुल्तानपुर की है। मृतक श्रवण, गोला रोड त्रिमूर्ति नगर निवासी संतोष कुमार का पुत्र है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि कि श्रवण अपने तीन दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर कही जाने के लिए निकला था। घर के पास वाले मोड़ पर पहुंचते ही पीछे से एक युवक ने उसे बुलाया। श्रवण बाइक से उतरकर पैदल ही उसके पास जाने लगा। उसके दोनों दोस्त बाइक पर ही बैठे रहे।

श्रवण की युवक से बहस होने लगी। इसके बाद युवक ने पिस्टल निकालकर श्रवण के गले और आंख के नीचे गोली मार दी। गोली लगते की श्रवण मौके पर ही गिर गया। बदमाश पैदल ही मौके से फरार हो गए। कुछ महीने पहले भी हुई थी मारपीट।

श्रवण के दोस्तों ने आनन-फानन में उसे बाइक से दानापुर अनुमंडल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद भी दोस्त और परिजन उसे पटना के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ महीने पहले श्रवण की किसी से कुछ बात को लेकर बहस और मारपीट हुई थी। उसी विवाद में श्रवण की हत्या की गई है।

घटना की सूचना पाकर सिटी SP पश्चिमी, दानापुर ASP और थानाध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से दो खोखा बरामद किया है। वहीं बदमाश की पहचान को लेकर पुलिस आसपास लगे CCTV वीडियो खंगालने में जुट गई है। इस संबंध में दानापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज ने बताया कि एक युवक को बदमाशो ने गोली मार दी है।
आरोपी की पहचान हुई, जल्द होगी गिरफ्तारी

