मोकामा टाल क्षेत्र के जलजमाव की समस्या को दूर करने की घोषणा करें सीएम : विजय सिन्हा

पटना, 23 अक्तूबर । बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर मोकामा की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि आपने गंगा नदी का पानी करोड़ों रुपए खर्च कर गया और राजगीर तक पहुंचा दिया, लेकिन कुछ रुपए खर्च कर मोकामा टाल के खेतों में जलजमाव की समस्या (टाल में जमा पानी निकासी के लिए कारगर कदम) को दूर किए होते तो लघु सीमांत किसानों की बड़ी समस्या दूर हो जाती।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री सिन्हा ने कहा कि एक अनुमान के मुताबिक़ लगभग डेढ़ लाख टन दाल का उत्पादन मोकामा टाल के खेतों में होता है।

श्री सिन्हा ने सीएम को याद कराते हुए कहा कि एनडीए के शासन काल में मंत्री जी ने ने सदन में करीब 1100 करोड़ रुपए खर्च कर टाल क्षेत्र की समस्या दूर करने की बात कही थी। उस राशि का क्या हुआ? क्या उस राशि की भी बंदरबांट हो गई। आसन पर से उस समय एक प्रश्न के उत्तर में मैने एक कमिटी बना कर निगरानी के लिए निर्देश दिया था, उनका क्या हुआ?

उन्होंने कहा कि लखीसराय जिला से लेकर पटना जिला तक फैले टाल (ताल) क्षेत्र को ऐसे तो ‘दाल का कटोरा’ माना जाता है, परंतु जलजमाव के कारण क्षेत्र के किसान परेशान हैं।

उन्होंने कहा कि गंगा नदी के किनारे स्थित क्षेत्र का नाम निचले क्षेत्र होने के कारण ‘टाल क्षेत्र’ पड़ा है। बिहार के कृषि उत्पादन में इस क्षेत्र की अहम भूमिका है। बिहार में लखीसराय से पटना तक फैले इस क्षेत्र में बख्तियारपुर, बाढ़, फतुहा, मोकामा, मोर, बड़हिया और सिंघौल टाल क्षेत्र में आते हैं। करीब 110 किलोमीटर लंबाई और 6 से 15 किलोमीटर की चौड़ाई में पसरा यह क्षेत्र दाल के उत्पादन के लिए मशहूर है।

श्री सिन्हा ने कहा कि इतने महत्वपूर्ण इलाके पर अब तक आपका ध्यान नहीं दिया जाना आपके उस इलाके के सौतेलापन को ही दर्शाता है।

उन्होंने मुख्यमंत्री को के चुनौती देते कहा कि अगर आप में हिम्मत है तो मोकामा के टाल क्षेत्र के किसानों के खेतों में जलजमाव की समस्या के निदान के लिए घोषणा कीजिए तथा वहां वर्षों से बंद कारखाने को फिर से शुरू करवाने की तुरंत घोषणा कीजिए।

उन्होंने कहा कि आप सरकारी नौकरी देने को लेकर खूब झांसा दे सकते हैं लेकिन हकीकत है कि बिना औद्योगिकरण के क्षेत्र में विकास नहीं हो सकता, लोगो को रोजगार नहीं मिल सकता।

Related posts

Leave a Comment