कासा पिकोला कप अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ, करुणा क्रिकेट एकेडमी ने सरदार पटेल एकेडमी को 49 रन से हराया

दिनांक: 20 मई, पटना:सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के तत्वावधान में पटना के स्थानीय कृष्णा क्रिकेट ग्राउंड पर बुधवार को सरदार पटेल स्कूल क्रिकेट फेस्टिवल के अंतर्गत कासा पिकोला कप अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ।

प्रतियोगिता का उद्घाटन बिहार सरकार के गन्ना उद्योग विकास विभाग के मंत्री कृष्णनंदन पासवान, पटना नगर निगम की उप मेयर रेशमी चंद्रवंशी, बिहार प्लेयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय तिवारी, जन सुराज पार्टी की नेत्री वंदना कुमारी, कासा पिकोला रेस्टोरेंट के प्रबंध निदेशक राजेश शर्मा, टर्निंग पॉइंट के प्रबंध निदेशक विजय शर्मा, माई कैरियर व्यू के प्रबंध निदेशक सुनील सिंह, जीएनआईओटी से अश्वनी शर्मा और क्रिकेट कोच कृष्णा पटेल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं गुब्बारा उड़ाकर किया।

अतिथियों का स्वागत सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के महासचिव नवीन कुमार ने मोमेंटो और शॉल समर्पित कर किया। कार्यक्रम का संचालन मृत्युंजय झा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन फाउंडेशन के संस्थापक संतोष तिवारी ने किया।

उद्घाटन मुकाबले का संक्षिप्त विवरण
करुणा क्रिकेट एकेडमी जूनियर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 170 रन बनाए। टीम की ओर से आरव चंद्रा ने 51 रन, टिल्लू ने 44 रन और अभिषेक ने 19 रनों का योगदान दिया। अतिरिक्त रनों के रूप में 45 रन मिले। सरदार पटेल क्रिकेट एकेडमी जूनियर की ओर से अंशु, आरव और हार्डी जी ने एक-एक विकेट हासिल किए।

जवाब में सरदार पटेल क्रिकेट एकेडमी जूनियर की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 121 रन ही बना सकी। हिमांशु कुमार ने 31 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जबकि रोहित कुमार ने 15 और आयुष ने 14 रन बनाए। करुणा क्रिकेट एकेडमी की ओर से टिल्लू ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 3 विकेट लिए, वहीं यश राज और सचिन कुमार ने क्रमशः 1 और 2 विकेट हासिल किए।

मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए टिल्लू (44 रन व 3 विकेट) को “प्लेयर ऑफ द मैच” घोषित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *