नन्हें कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियों से सजा ऑर्किड पेटल्स का वार्षिक समारोह

पटना : ऑर्किड पेटल्स प्ले स्कूल की राजेंद्र नगर एवं पटना सिटी शाखाओं द्वारा फ्रेज़र रोड स्थित भारतीय नृत्य कला मंदिर में वार्षिक समारोह बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नन्हें – मुन्हें बच्चों ने रंगारंग नृत्य एवं रोचक नाटिकाओं के माध्यम से पूरे वर्ष में स्कूल में होने वाली विभिन्न गतिविधियों और सीखने की प्रक्रिया को प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्राचार्या गरिमा धरणिधरका के मार्गदर्शन और रचनात्मक नेतृत्व में किया गया। इस वर्ष के वार्षिक समारोह की थीम ए ईयर ऑफ वंडर्स तथा पैलेट ऑफ कलर्स थी, जिसके माध्यम से बच्चों के पूरे वर्ष के सीखने के अनुभवों को आकर्षक प्रस्तुतियों द्वारा दर्शाया गया। इस अवसर पर 150 से अधिक विद्यार्थियों ने मंच पर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशकों वीनू भार्तिया और सरिता मोदी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद बच्चों ने विद्यालय की प्रार्थना सभा का मनमोहक प्रदर्शन करते हुए अतिथियों का स्वागत किया और स्कूल में गाए जाने वाले गीत प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम का एक आकर्षण ओशन डांस रहा, जिसमें दिशानी, व्योम, पार्थ, अध्रिजा और प्रत्युष सहित कई विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुति दी। इसके पश्चात बच्चों ने ऋतुओं पर आधारित एक सुंदर नाटिका प्रस्तुत की, जिसमें नीले और हरे रंगों के माध्यम से मौसम के परिवर्तन को दर्शाया गया। इसमें रिधान, मायरा, अद्वित, कियारा और अनय ने मनमोहक अभिनय किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण टॉकटिव थर्सडे पर आधारित एक नाटिका रही, जिसमें परिवहन विषय पर प्रश्नोत्तरी और संवाद के माध्यम से बच्चों के सीखने की प्रक्रिया को प्रस्तुत किया गया।

इसमें तेजस, त्रिशा, अविका, सुदिक्षा और हाज़िक ने सराहनीय प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का समापन सीनियर ऑर्किड के विद्यार्थियों के ग्रेजुएशन डांस के साथ हुआ। इस प्रस्तुति में रित्वी, रुद्र, रेयांश, अबीर और पार्थ सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्ण प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की निदेशक ज्योति तिबरेवाल ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में बच्चों के माता-पिता, भाई-बहन और परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *