दूसरे दिन भी रेलवे ट्रैक पर उतरे आक्रोशित छात्र ,कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव

पटना। रेलवे भर्ती बोर्ड के एनटीपीसी रिजल्ट और ग्रुप डी की परीक्षा में धांधली का आरोप लगा बिहार के विभिन्न जिलों में अभ्यर्थियों का आंदोलन दूसरे दिन भी चलता रहा। छात्रों के आंदोलन का असर मंगलवार को नालंदा ,नवादा, आरा, बक्सर सहित कई अन्य स्थानों पर देखने को मिला। सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थी जहां बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और रेल ट्रैक को जाम करते हुए सरकार और रेलवे बोर्ड के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है तो वहीं नवादा में भी आक्रोशित छात्र सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने बताया कि परीक्षा के बाद बोर्ड द्वारा में नियमों में परिवर्तन करके रिजल्ट जारी किया जाता हैए जिसके कारण मेधावी छात्रों का रिजल्ट नहीं हो पाता है।  आक्रोशित छात्रों ने कहा कि बोर्ड जो भी नियम जारी करे वह परीक्षा के पूर्व करे और अभ्यर्थियों को भी बता दे ताकि हम लोग उसी तरह से तैयारी करें।  छात्रों का आरोप है कि इस बार के रिजल्ट रुपए का खेल चला है जिसके कारण रिजल्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गयी है। अब रेलवे भर्ती बोर्ड के द्वारा ग्रुप डी के परीक्षा में गड़बड़ी की जा रही है जिससे छात्रों का भविष्य अंधकार में हो गया है। रेलवे ट्रैक जाम किए जाने की सूचना के बाद स्थानीय प्रशासन के अलावे आरपीएफ के अधिकारी व जवान मौके पर पहुंच आक्रोशित छात्रों को समझाने की कोशिश करते रहे लेकिन छात्र मानने को तैयार नहीं थे। हंगामा और ट्रैक जाम करने की जानकारी मिलने पर जगह जगह पुलिस और प्रशासन के वरीय अधिकारी पहुंचे।  छात्रों के विरोध प्रदर्शन के कारण देशभर में कई प्रमुख ट्रेनों के संचालन पर असर देखा जा रहा है। कई ट्रेनें डायवर्ट की गई हैं तो कई देरी से चल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *