अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में बोले गृह मंत्री, हिंदी और अन्य भाषाओं में कोई अन्तर्विरोध नहीं

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार 13 नवंबर को वाराणसी में अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हिन्दी सभी स्थानीय भाषाओं की सहेली है और इनके बीच कोई अन्तर्विरोध नहीं हैं। राजभाषा का विकास तभी हो सकता है जब स्थानीय भाषाओं का विकास हो और स्थानीय भाषा का विकास तभी हो सकता है जब राजभाषा देशभर के अंदर मजबूत हो। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आजादी के 100 साल जब पूरे हों, तो इस देश में राजभाषा और हमारी स्थानीय भाषा का दबदबा इतना हो कि किसी भी विदेशी भाषा का सहयोग लेने की जरूरत नहीं पड़े।

वाराणसी के दीन दयाल हस्तकला संकुल में आयोजित अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि इस सम्मेलन को राजधानी दिल्ली से बाहर करने का निर्णय हमने वर्ष 2019 में ही कर लिया था। दो वर्ष कोरोना काल की वजह से हम नहीं कर पाएं, परन्तु आज मुझे आनंद है कि ये नई शुभ शुरूआत आजादी के अमृत महोत्सव में होने जा रही है। गृह मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने कहा है कि अमृत महोत्सव, देश को आजादी दिलाने वाले लोगों की स्मृति को पुनः जीवंत करके युवा पीढ़ी को प्रेरणा देने के लिए तो है ही, ये हमारे लिए संकल्प का भी वर्ष है।

लोकतंत्र तभी सफल जब प्रशासन की भाषा, स्वभाषा हो

कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज गृह मंत्रालय में अब एक भी फाइल ऐसी नहीं है, जो अंग्रेजी में लिखी जाती या पढ़ी जाती है, पूर्णतय: हमने राजभाषा को स्वीकार किया है. बहुत सारे विभाग भी इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। देश की नई शिक्षा नीति का एक प्रमुख बिंदू है, भाषाओं का संरक्षण व संवर्धन और राजभाषा का भी संरक्षण व संवर्धन। नई शिक्षा नीति में राजभाषा और मातृभाषा पर बल दिया गया है।

प्रधानमंत्री ने ये जो नया परिवर्तन किया है, वो भारत के भविष्य को परिवर्तित करने वाला होगा। जब तक देश के प्रशासन की भाषा, स्वभाषा नहीं होगी, तब तक लोकतंत्र सफल हो ही नहीं सकता, लोकतंत्र तभी सफल हो सकता है जब प्रशासन की भाषा, स्वभाषा हो, राजभाषा हो।

हिंदी और स्थानीय भाषाओं के बीच कोई अन्तर्विरोध नहीं

इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत में देश के सभी लोगों का आह्वान करना चाहता हूं कि स्वभाषा के लिए हमारा एक लक्ष्य जो छूट गया था, हम उसका स्मरण करें और उसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। हिंदी और हमारी सभी स्थानीय भाषाओं के बीच कोई अन्तर्विरोध नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले हिंदी भाषा के लिए बहुत सारे विवाद खड़े करने का प्रयास किया गया था, लेकिन वो वक्त अब समाप्त हो गया है। देश के प्रधानमंत्री ने गौरव के साथ हमारी भाषाओं को दुनिया भर में प्रतिस्थापित करने का काम किया है।

Related posts

Leave a Comment