लंबे अरसे बाद लालू पहुंचे राजद कार्यालय, सवा घंटे तक कार्यकर्ताओं से की गुफ्तगू

पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव काफी लंबे समय बाद पटना के वीरचंद पटेल पाठ स्थित राजद कार्यालय पहुंचे। लालू के साथ उनके छोटे बेटे और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। पार्टी कार्यालय पहुचे लालू ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आम लोगों की सेवा करने और पार्टी व संगठन को ताकत देने के लिए काम करने को कहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में महागठबंधन की सरकार है और यह बेहतर ढंग से चल रही है। हमें इसमें सहयोगी की भूमिका निभानी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संयमित रहने और उकसावे वाली कार्रवाई से दूर रहने की भी नसीहत दी। उन्होंने कहा कि विरोधियों की कोई साजिश इस बार कामयाब नहीं होने देना है। लालू यादव शाम 3.45 बजे राजद दफ्तर पहुंचे। वहां आने के बाद उन्होंने सबसे पहले उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को खोजा।

15 मिनट बाद ही तेजस्वी यादव भी वहां पहुंच गए। इसके पहले वे कार्यकर्ताओं से बात करते रहे। कई को देखकर उनसे उनका कुशलक्षेम पूछा। क्षेत्र की जानकारी भी ली और उनकी सक्रियता के बारे में भी पूछा। उन्हें क्षेत्र में सक्रिय रहने और पार्टी के समर्पित सिपाही के रुप में काम करने को कहा।

लालू ने वरीय पदाधिकारियों के साथ दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर बैठक की। अचानक राजद सुप्रीमो के आने की खबर मिलते ही कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गयी। इसके बाद लोगों का प्रवेश रोकना पड़ा। करीब सवा घंटे तक प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद लालू अपने आवास के लिए रवाना हो गए।

Related posts

Leave a Comment