प्रशासन एवं मीडिया एक दूसरे के पूरक – डीएम

पटना। डीएम डा चन्द्रशेखर सिंह ने कहा है कि राष्ट्र निर्माण में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। विभिन्न समाचार माध्यमों में जो रिपोर्टिंग की जाती है वह हमलोगों के लिए फ ीडबैक का काम करता है। डीएम डॉ सिंह ने पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मीडिया हमलोगों को सतर्क रखती है एवं हमें सतर्क रहना है।

उन्होंने कहा कि मीडिया की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है यह सिद्ध करने की आवश्यकता नहीं है। सामाजिक कुप्रथाओं को समाप्त करने तथा अच्छी परंपराओं को प्रोत्साहित करने में आप हमेशा अग्रणी रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में खबरों के तीव्र प्रवाह के साथ साथ प्रामाणिकता एवं विश्वसनीयता भी आवश्यक है। किसी भी समाचार के प्रति अघोषित तौर पर जजमेंटल होना नहीं चाहिए।

जहाँ कहीं कमी देखें उसे हाइलाईट करें इससे तंत्र अलर्ट रहता है। हमलोग इसे फ ीडबैक के रूप में लेते हैं तथा चीजों को बेहतर करने का प्रयास करते हैं। डीएम डॉ सिंह ने कहा कि जनहित के मामलों के संरक्षण, संवद्र्धन एवं प्रोत्साहन में प्रशासन एवं मीडिया एक दूसरे के पूरक हैं।

उन्होंने कहा कि मीडिया द्वारा जब भी कोई पृच्छा की जाती है तो प्रशासन द्वारा ससमय तथ्यों पर आधारित उत्तर उपलब्ध कराया जाता है। डीपीआरओ लोकेश कुमार झा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में मीडिया सदैव अग्रणी रहा है। जनता को जागरूक करने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। आज के सूचना क्रांति के युग में स्वतंत्र एवं जिम्मेदार मीडिया हमारे लोकतंत्र की रीढ़ है। हमारे जैसे प्रजातांत्रिक देश में मीडिया हितप्रहरी एवं पथ प्रदर्शक की दोहरी भूमिका में है।

उन्होंने कहा कि जीवंत मीडिया एवं सशक्त नागरिक राज्य तथा राष्ट्र के विकास में उत्प्रेरक सदृश काम कर रहा है। डीपीआरओ श्री झा ने कहा कि मीडिया हमारे समृद्ध लोकतंत्र को एक नया आयाम देता है। इस अवसर पर अपर जिला दंडाधिकारी विशेष कार्यक्रम नौशाद अहमद, प्रभारी पदाधिकारी आपदा प्रबंधन मिन्टी हर्षिता, उप निदेशक दूरदर्शन सैयद सलमान हैदर, जिला आईटी प्रबंधक पटना कुणाल झा सहित अन्य भी उपस्थित थे।

Related posts

Leave a Comment