रंगलीला कार्यक्रम में दिखी वृन्दावन की होली की झलक, कलाकारों ने बांधा समां

फिल्म अभिनेता पंकज केशरी और लोकगायिका रेखा झा संग पटनावासियों ने जमकर खेली फूलों की होली

पटना : स्टार प्लानेट इवेंट्स द्वारा बुध मार्ग स्थित घर अंगना रेस्टुरेंट में वृन्दावन की तर्ज पर भव्य फूलों की होली का आयोजन किया गया। रंगलीला – द टेस्ट ऑफ वृन्दावन कार्यक्रम में पटनावासियों ने अपने चहेते सितारों के साथ जमकर होली का आनंद लिया। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत फिल्म अभिनेता पंकज केशरी, लोकगायिका रेखा झा, विशिष्ट अतिथि फ़िल्म निर्देशक सायक डे मुखर्जी, प्रमोद कुमार, विशाल कुमार, गौरव कुमार, अमित केशरी, मौसम शर्मा, शुभम कुमार, अपूर्व अग्रवाल, रौशन कुमार एवं कार्यक्रम आयोजक राहुल राज व राजीव सिन्हा के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

मुख्य अतिथि अभिनेता पंकज केशरी एवं रेखा झा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और हमारी परंपराओं को जीवित रखते हैं। कार्यक्रम में फिल्म अभिनेता पंकज केशरी और  लोकगायिका रेखा झा की प्रस्तुति ने समां बांध दिया। दोनों कलाकारों ने होली गीतों पर शानदार प्रस्तुति दी, जिस पर उपस्थित दर्शक झूम उठे। फूलों की वर्षा और पारंपरिक होली गीतों ने पूरे वातावरण को वृन्दावनमय बना दिया।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नृत्यांगन संस्था द्वारा ग्रुप डांस और मैडी व अदिति आर्या के लाइव सिंगिंग ने लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। जबकि आरजे जिज्ञासा ने अपने हसमुख अंदाज से मंच संचालन कर लोगों का खूब मनोरंजन  किया। कार्यक्रम आयोजक राहुल राज एवं राजीव सिन्हा ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य बिहार की सांस्कृतिक विरासत और वृन्दावन की होली की परंपरा को पटना में जीवंत करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य लोग और होली प्रेमी शामिल हुए। रंगलीला कार्यक्रम ने पटनावासियों को रंग, संगीत और उत्साह से सराबोर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *