मिसेज अर्थ एलिमेंट और मिसेज परफेक्ट स्माइल का खिताब जीतने पर पटना में रूपा कुमारी का हुआ सम्मान
पटना : बिहार की प्रतिभा और महिलाओं की उपलब्धियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने वाली रूपा कुमारी ने अपनी सफलता से प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। पटना की रहने वाली रूपा कुमारी ने राजस्थान के जयपुर में आयोजित प्रतिष्ठित हॉट मोंडे मिसेज इंडिया वर्ल्डवाइड प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए दो महत्वपूर्ण खिताब अपने नाम किए। उन्हें मिसेज अर्थ एलिमेंट और मिसेज परफेक्ट स्माइल के विशेष खिताब से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में मैरीगोल्ड फिल्म्स एवं क्यूडेक इंडिया एलएलपी की ओर से सोन भवन स्थित आम्रपाली बैंक्वेट में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार महिला उद्योग संघ की अध्यक्ष उषा झा एवं मैरी गोल्ड फिल्म्स की निदेशक प्रीति कंठ ने रूपा कुमारी को सम्मानित किया। कार्यक्रम में रूपा कुमारी ने अपनी उपलब्धि, अनुभव और संघर्ष से सफलता तक पहुंचने की प्रेरणादायक यात्रा मीडिया के साथ साझा की। रूपा कुमारी ने कहा कि इस प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और गौरव का क्षण रहा। दोनों खिताब हासिल करना उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि है। यह सफर उनके लिए आत्मविश्वास, धैर्य और निरंतर प्रयास का अनुभव रहा है। उन्होंने सम्मान के लिए मैरी गोल्ड फिल्म्स एवं क्यूडेक इंडिया एलएलपी का धन्यवाद किया।
विदित हो कि प्रतियोगिता का आयोजन राजस्थान के नीमराना स्थित हॉट मोंडे राजपूताना पैलेस में हॉट मोंडे मिसेज इंडिया वर्ल्डवाइड की ओर से किया गया था। इस प्रतिष्ठित मंच पर देश-विदेश से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। रूपा कुमारी ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रतिभा के दम पर दो खिताब हासिल किए।
बिहार महिला उद्योग संघ की अध्यक्ष उषा झा ने रूपा कुमारी की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की ऐसी सफलताएं समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। आज महिलाएं अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। रूपा कुमारी की उपलब्धि बिहार की अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर मैरीगोल्ड फिल्म्स की निदेशक प्रीति कंठ ने कहा कि रूपा कुमारी की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि बिहार की उन तमाम महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो अपनी अलग पहचान बनाने का सपना देखती हैं। उन्होंने अपने संघर्ष, धैर्य और आत्मविश्वास से यह मुकाम हासिल किया है। हमारा प्रयास है कि ऐसी प्रतिभाशाली महिलाओं की उपलब्धियों को उचित मंच मिले और उनकी कहानियां समाज तक पहुंचें। इससे दूसरी महिलाओं को भी अपने सपनों को पूरा करने का हौसला मिलेगा।
