पटना : बच्चों की छिपी प्रतिभा को पहचानने, उसे निखारने और आत्मविश्वास के साथ दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के उद्देश्य से तानसेन स्कूल ऑफ म्यूजिक एंड डांस द्वारा स्थानीय मंडपम हॉल में मेहफ़िल सीजन – 20 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ तानसेन स्कूल ऑफ म्यूजिक एंड डांस के सीईओ एवं संस्थापक कैप्टन आशुतोष कुमार, निदेशक वंदना कुमार, सीओओ अंजनी कुमारी तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. विमलेंदु के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इसके पश्चात तानसेन स्कूल के कंकड़बाग, पाटलिपुत्र, गोला रोड, आशियाना और सगुना शाखा के प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह, मेहनत और समर्पण के साथ अपनी प्रस्तुति दी। गायन, शास्त्रीय नृत्य, वेस्टर्न डांस, वाद्य संगीत और अन्य विधाओं में बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण पिछले आयोजन मेहफ़िल सीजन – 19 के स्टार परफॉर्मर अवॉर्ड विजेताओं का सम्मान रहा। तानसेन की विभिन्न शाखाओं से चयनित इन प्रतिभाशाली बच्चों ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। तानसेन स्कूल ऑफ म्यूजिक एंड डांस के सीईओ एवं संस्थापक कैप्टन आशुतोष कुमार ने कहा कि तानसेन की मेहफ़िल केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास की दिशा में एक सार्थक पहल है।
इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों के अंदर से मंच का डर और झिझक समाप्त करना तथा उन्हें ऐसा अनुभव देना है, जिससे वे जीवन के किसी भी क्षेत्र और किसी भी पेशे में पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रख सकें। वहीं निदेशक वंदना कुमार ने कहा कि मेहफिल का उद्देश्य केवल कलाकार तैयार करना नहीं, बल्कि आत्मविश्वास से भरपूर व्यक्तित्व का निर्माण करना है। सीओओ अंजनी कुमारी किसी भी मंच पर केवल पुरस्कार जीतना ही सफलता का पैमाना नहीं होता। मंच पर आकर अपनी झिझक को पीछे छोड़ना, दर्शकों के सामने प्रस्तुति देना और स्वयं में सुधार करना भी अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। जबकि डॉ. विमलेंदु ने बच्चों को कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने प्रतिभागियों की मेहनत, अनुशासन और कला के प्रति समर्पण की सराहना की। कार्यक्रम में कंकड़बाग शाखा से अद्विका कांति – गायन, आयंशी – वेस्टर्न डांस, पाटलिपुत्र शाखा से सव्या शिवा – कराटे, सान्वी सोमानी – भरतनाट्यम, अन्विका – भरतनाट्यम, इवान – गायन, गोला रोड शाखा से अनन्या तिवारी – गिटार, शौर्य सिंह – कथक, आशियाना शाखा से निश्चल वर्मा – कीबोर्ड, अन्विका किशोर – भरतनाट्यम, ऋषि राज सिंह – कीबोर्ड, नंदनी कुमारी – वेस्टर्न डांस और सगुना शाखा से सुकृति – कथक, मिथ्रिया कश्यप – कथक में बेहतरीन प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया गया।
