पटना जिला क्रिकेट संघ के प्रबंधकीय कमेटी की बैठक प्रवीण कुमार प्रणवीर की अध्यक्षता में संघ के कार्यालय विंध्यवासिनी कमर्शियल कंपलेक्स , आर के भट्टाचार्य रोड , पटना में आयोजित की गई।
संघ के सचिव सुनील कुमार उर्फ सुनील रोहित ने जानकारी दी कि सत्र 2026 – 27 के लिए खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की तिथि 28 एवं 29 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है एवं लीग मैचों का शुभारंभ दिसंबर के दूसरे सप्ताह में होगा।
बैठक में बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के मनमाने तरीके से गठित तथाकथित अवैध तदर्थ पी डी सी ए के कार्य कलाप की निंदा की गई एवं उनके द्वारा क्लबों का फर्जीवाड़ा करने पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई ।
संघ के अध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रणवीर ने बताया कि माननीय सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में बिहार क्रिकेट संघ का 2025 का चुनाव मतदाताओं की सूची में गड़बड़ी करने के कारण रद्द कर दिया है , एवं बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा जिला संघ में मनमाने ढंग से गठित तदर्थ कमेटी बनाने को अवैध माना है।
अब बिहार क्रिकेट एसोसिएशन एवं बिहार के सभी जिला संघ में नए सिरे से चुनाव कराया जाएगा।
बिहार क्रिकेट संघ के संचालन एवं नया चुनाव कराने के लिए माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने पटना हाई कोर्ट के अवकाश प्राप्त जज श्री अश्वनी कुमार सिंह को बीसीए का एडमिनिस्ट्रेटर नियुक्त किया है, जो सभी जिला क्रिकेट संघ में क्लबों का सत्यापन करने के बाद मतदाताओं की सूची बनाकर जिला क्रिकेट संघ का चुनाव कराएंगे। इसके बाद बिहार क्रिकेट एसोसिएशन का चुनाव कराया जाएगा।
इस कार्य में पटना जिला क्रिकेट संघ के 2023 में निर्वाचित प्रबंधकीय कमेटी प्रशासक महोदय को पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के एडमिनिस्ट्रेटर महोदय ने एस ओ पी जारी कर यह सूचना दी है कि निर्वाचित या समानांतर जिला संगठन का कोई भी इच्छुक अच्छा खिलाड़ी बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के विभिन्न कैटेगरी में होने वाले चयन जांच में हिस्सा ले सकते हैं इस पर कोई रोक नहीं है।
बैठक के बाद सभी क्लबों के बीच रजिस्ट्रेशन फॉर्म का वितरण किया गया।
