विमला देवी मेमोरियल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट की ट्रॉफी का अनावरण

6 अक्टूबर से सीएबी मैदान पर शुरू होगी प्रतियोगिता
पटना के युवा क्रिकेटरों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मौका

पटना, 3 अक्टूबर 2026। द्वितीय विमला देवी मेमोरियल अंडर-13 इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता और उपविजेता टीमों को दी जाने वाली ट्रॉफी का अनावरण शनिवार यानी 3 अक्टूबर को रंगकर्मी प्रवीण स्मृति भवन, नंदनगर कॉलोनी, सैदपुर में किया गया। इस अवसर पर खेल और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

ट्रॉफी का अनावरण बिहार प्लेयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय तिवारी, रवि ज्योति चंद्रवंशी (सदस्य राजनीतिक सलाहकार समिति, जदयू), रोहित चंद्रवंशी (जदयू नेता), अभिषेक कुमार चंद्रवंशी (पूर्व अध्यक्ष पटना महानगर भाजपा), संतोष कुमार उर्फ सूखू पासवान (महासचिव लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास)) तथा डॉ. इन्द्रदीप कुमार चंद्रवंशी (पार्षद सह कुम्हरार विधानसभा पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी) ने संयुक्त रूप से किया।

इस मौके पर आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि विमला देवी मेमोरियल अंडर-13 इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्देश्य पटना के स्कूली क्रिकेटरों को बेहतर प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना और कम उम्र में उनकी प्रतिभा को सामने लाना है।

6 अक्टूबर से सीएबी मैदान पर मुकाबले

प्रतियोगिता का आयोजन 6 अक्टूबर 2026 से क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार (सीएबी) मैदान पर किया जाएगा। टूर्नामेंट का आयोजन सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के सहयोग से हो रहा है। यह प्रतियोगिता वार्ड पार्षद डॉ. इन्द्रदीप कुमार चंद्रवंशी की दिवंगत माता विमला देवी की स्मृति को समर्पित है। स्वर्गीय विमला देवी सामाजिक कार्यों के लिए जानी जाती थीं।

21-21 ओवर के होंगे मुकाबले

टूर्नामेंट में सभी मुकाबले 21-21 ओवर के होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली प्रत्येक टीम के खिलाड़ियों के आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा करना अनिवार्य होगा।
आयोजकों के अनुसार, टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

विजेता और उपविजेता को मिलेगी ट्रॉफी

टूर्नामेंट के समापन पर विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। प्रत्येक मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता के अंत में बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और उभरते हुए खिलाड़ी को भी विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

संतोष तिवारी की देखरेख में तैयारियां

टूर्नामेंट की तैयारियां सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के संस्थापक संतोष तिवारी की देखरेख में चल रही हैं। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। प्रतियोगिता से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए 9386962380 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply