ज्ञान भवन में तीन दिवसीय बिहार पोल्ट्री एवं एक्वा एक्सपो का शुभारंभ

पटना : कृषिका एवं राइटर्स एंड क्रिएटर्स द्वारा आयोजित तीन दिवसीय बिहार पोल्ट्री एंड एक्वा एक्सपो – 2026 के चौथे संस्करण का शुभारंभ गाँधी मैदान स्थित ज्ञान भवन में किया गया। इस एक्सपो में देशभर से कुल 80 कम्पनियाँ भाग ले रही हैं जो 130 स्टॉल पर अपने उत्पाद और सेवाओं का प्रदर्शन कर रही है। इस एक्सपो का उद्घाटन बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उच्च शिक्षा तथा क़ानून मंत्री संजय कुमार टाइगर, बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय पटना के कुलपति डॉ. इंद्रजीत सिंह एवं बिहार पोल्ट्री एवं एक्वा एक्सपो के आयोजक राकेश कश्यप द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि पोल्ट्री और एक्वा क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। यह एक्सपो किसानों, मुर्गी पालकों एवं मत्स्य पालकों के लिए बेहद उपयोगी और ज्ञानवर्धक मंच है। देश के विभिन्न हिस्सों से कंपनियों और विशेषज्ञों का यहां शामिल होना बिहार के लिए सकारात्मक संकेत है। इससे किसानों को आधुनिक तकनीक, नई मशीनरी, बेहतर नस्ल, वैज्ञानिक प्रबंधन और बाजार की बदलती जरूरतों की जानकारी मिलेगी। ऐसे आयोजनों से बिहार और देश के बीच व्यापारिक एवं तकनीकी साझेदारी मजबूत होगी तथा राज्य में रोजगार और निवेश के नए रास्ते खुलेंगे।

वहीं अपने संबोधन में उच्च शिक्षा तथा क़ानून मंत्री संजय कुमार टाइगर ने कहा कि बिहार जैसे कृषि प्रधान राज्य में पोल्ट्री एंड एक्वा क्षेत्रों का विकास किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि इस एक्सपो का लाभ अधिक से अधिक किसानों, पशुपालकों, मत्स्य पालकों और युवा उद्यमियों तक पहुंचेगा।

कार्यक्रम आयोजक राकेश कश्यप ने कहा कि इस बिहार पोल्ट्री एवं एक्वा एक्सपो का उद्देश्य केवल एक प्रदर्शनी आयोजित करना नहीं, बल्कि किसानों, पशुपालकों, उद्यमियों, उद्योग जगत, वैज्ञानिकों, तकनीकी विशेषज्ञों और नीति-निर्माताओं को एक साझा मंच पर लाकर ज्ञान, तकनीक और व्यवसाय के बीच मजबूत सेतु तैयार करना है। हमारा प्रयास है कि आधुनिक तकनीक और नई सोच सीधे किसानों एवं पशुपालकों के खेत और फार्म तक पहुंचे, ताकि उत्पादन बढ़े, लागत कम हो और उनकी आय में वृद्धि हो। आज पोल्ट्री और मत्स्य क्षेत्र बिहार की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन के लिए बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र बन चुके हैं। इस एक्सपो के माध्यम से किसानों और युवाओं को नई तकनीकों, आधुनिक उपकरणों, गुणवत्तापूर्ण उत्पादों और नए व्यावसायिक अवसरों से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, देशभर से आए उद्योगों और विशेषज्ञों के साथ संवाद के माध्यम से बिहार में निवेश, रोजगार और नई साझेदारियों के अवसर भी तैयार होंगे। हमारा लक्ष्य है कि तकनीक खेत और फार्म तक पहुंचे, किसान अवसरों से जुड़े और बिहार का पोल्ट्री एवं मत्स्य क्षेत्र आधुनिक, आत्मनिर्भर और समृद्ध बने। मुझे विश्वास है कि यह आयोजन बिहार में रोजगार, उद्यमिता और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply