बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का ऐलान, बिहार की सियासत में बढ़ी सरगर्मी

पटना, 2 जुलाई। महत्वपूर्ण बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही राजधानी की इस प्रतिष्ठित सीट पर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतों की गणना 3 अगस्त को की जाएगी।

बांकीपुर विधानसभा सीट को बिहार की सबसे चर्चित और प्रतिष्ठित सीटों में माना जाता है। यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। उपचुनाव की घोषणा के बाद सभी प्रमुख दलों ने अपनी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। संभावित उम्मीदवारों को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बांकीपुर उपचुनाव केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं होगा, बल्कि इसे आगामी राजनीतिक समीकरणों और दलों की जनस्वीकृति की कसौटी के रूप में भी देखा जाएगा। राजधानी पटना की इस हाई-प्रोफाइल सीट पर होने वाला मुकाबला पूरे बिहार की राजनीति का केंद्र बनने की संभावना है।

Leave a Reply