पूर्व सांसद सुशील सिंह की मांग पर मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

सड़क और सिंचाई परियोजनाओं पर कार्रवाई के निर्देश

औरंगाबाद। औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह द्वारा क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क एवं सिंचाई परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से की गई मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री सचिवालय ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री के समक्ष राष्ट्रीय राजमार्ग-139 के चार लेन निर्माण, बिहार-झारखंड की अंतरराज्यीय बटाने जलाशय परियोजना तथा औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत परैया से टिकारी, हिच्छापुर और गुरुआ होते हुए दरियापुर (शेरघाटी-चेरकी पथ) तक सड़क निर्माण कार्यों को गति देने की मांग रखी थी। इसके अलावा राज्य राजमार्ग-101 के मदनपुर से गया तक सड़क को दो लेन में विस्तारित करने का मुद्दा भी उठाया गया था। इस संबंध में मुख्यमंत्री सचिवालय के उप सचिव कुमार बृजेश ने पथ निर्माण विभाग और जल संसाधन विभाग के सचिवों को पत्र भेजकर अवगत कराया है कि पूर्व सांसद द्वारा इन विषयों पर आवेदन प्राप्त हुआ है। पत्र में संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया है कि उठाए गए मुद्दों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा लिए गए निर्णय और की गई कार्रवाई की जानकारी मुख्यमंत्री सचिवालय और पूर्व सांसद को उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा संज्ञान लिए जाने के बाद इन परियोजनाओं के शीघ्र आगे बढ़ने की उम्मीद बढ़ गई है। बताया जाता है कि सुशील कुमार सिंह क्षेत्र के किसानों और आम लोगों से जुड़े विकास कार्यों को लेकर लगातार प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया था कि लंबे समय से लंबित इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को जल्द पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर सड़क संपर्क, सिंचाई सुविधा और विकास का लाभ मिल सके।

Leave a Reply