पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर, मुजफ्फरपुर में रजनी की बारात की टीम का स्वागत
मुजफ्फरपुर : 29 मई को रिलीज हुई पारिवारिक हिंदी फिल्म रजनी की बारात को मुजफ्फरपुर सहित देशभर के दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म की कहानी, साफ-सुथरा मनोरंजन, बिहार की संस्कृति और खूबसूरत लोकेशनों के चित्रण को दर्शकों ने खूब सराहा है। फिल्म की इस सफलता पर निर्माताओं और पूरी टीम ने दर्शकों का आभार व्यक्त किया है। फिल्म रजनी की बारात की टीम ने पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर मुजफ्फरपुर में आयोजित एक समारोह में शिरकत की, जहाँ उनका बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस मौके पर टीम ने पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर दरभंगा का विशेष रूप से आभार जताया, जहाँ इस फिल्म की शूटिंग पूरी की गई है। फिल्म की पूरी टीम ने बिहार डाक विभाग, जो देश का सबसे बड़ा डाक प्रशिक्षण केंद्र है की सराहना करते हुए उसे देश की अर्थव्यवस्था की असली रीढ़ बताया, जो पर्दे के पीछे रहकर हर सरकारी योजना को जनता तक पहुँचाता है। फिल्म के माध्यम से पहली बार इस प्रतिष्ठित संस्थान की झलक बड़े पर्दे पर देखने को मिली है। फिल्म के निर्देशक आदित्य अमन ने कहा कि राजनी की बारात बिहार की संस्कृति, संवेदनाओं और पारिवारिक मूल्यों का उत्सव है। दर्शकों ने जिस तरह फिल्म को अपनाया है, वह हमारे लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है। मुजफ्फरपुर और पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर का सहयोग इस यात्रा का अहम हिस्सा रहा है। हम पूरे डाक विभाग और यहां के लोगों के प्रति दिल से आभारी हैं। पवन कुमार सिंह, पोस्टमास्टर जनरल, पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर, उत्तरी बिहार क्षेत्र, मुजफ्फरपुर ने कहा कि हमें गर्व है कि पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर, मुजफ्फरपुर जैसी महत्वपूर्ण संस्था को इस फिल्म के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। रजनी की बारात ने बिहार को सकारात्मक, सुंदर और प्रेरणादायक रूप में प्रस्तुत किया है। फिल्म की सफलता के लिए हम पूरी टीम को बधाई देते हैं और दर्शकों के स्नेह के लिए उनका धन्यवाद करते हैं। रजनी की बारात को एक ऐसी फिल्म के रूप में सराहा जा रहा है जिसे पूरा परिवार साथ बैठकर देख सकता है। बिहार की संस्कृति, लोक जीवन और मानवीय रिश्तों को सकारात्मक और संवेदनशील तरीके से प्रस्तुत करने वाली यह फिल्म राज्य के सिनेमा के लिए एक नई उम्मीद बनकर उभरी है। फिल्म की पूरी टीम ने मुजफ्फरपुर सहित बिहार के सभी दर्शकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनका प्यार और समर्थन ही इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत है।
