AI आधारित भविष्य की ओर बढ़ता बिहार
पटना, 24 मई 2026, ऊर्जा ऑडिटोरियम, पटना में आयोजित द्विदिवसीय बिहार AI Summit 2026 का समापन बिहार में तकनीक, नवाचार और डिजिटल परिवर्तन के नए संकल्प के साथ हुआ। इस भव्य Summit ने राज्य को AI आधारित विकास, स्टार्टअप नवाचार और भविष्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था की नई दिशा प्रदान की।
राज्यपाल ने की Summit की सराहना
समापन समारोह में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने Summit में चर्चित विषयों की विविधता की विशेष सराहना करते हुए कहा कि AI के स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि एवं आम नागरिकों के दैनिक जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर हुआ विमर्श अत्यंत प्रासंगिक एवं प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि बिहार ने पिछले 20 वर्षों में बुनियादी अवसंरचना के निर्माण में उल्लेखनीय प्रगति की है और अब सूचना प्रावैधिकी एवं AI के क्षेत्र में आगे बढ़ने का समय है।
AI की भूमिका पर हुआ विशेष मंथन
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के मंत्री संजय कुमार सिंह ने Summit को संबोधित करते हुए AI की बढ़ती भूमिका और उसके व्यापक प्रभाव पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर सूचना प्रावैधिकी विभाग के विशेष सचिव अरविंद चौधरी भी उपस्थित थे।
“न्याय बिहार” से “सुरक्षित बिहार” तक व्यापक चर्चा
Summit के दूसरे दिन “न्याय बिहार”, “किसान AI”, “उद्योग बिहार” एवं “सुरक्षित बिहार” विषयों पर आयोजित गहन सत्रों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विविध आयामों पर व्यापक एवं सारगर्भित चर्चा हुई।
“न्याय बिहार” सत्र में AI आधारित कानूनी सहायता, भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण तथा साइबर अपराध से सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।
कृषि और उद्योग में AI के उपयोग पर जोर
“किसान AI” सत्र में ड्रोन तकनीक, मृदा स्वास्थ्य निगरानी एवं स्मार्ट फसल सलाह के माध्यम से बिहार की कृषि अर्थव्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किए गए।
वहीं “उद्योग बिहार” सत्र में बिहार के 20 लाख से अधिक MSME उद्यमों के लिए AI आधारित उत्पादकता समाधान, चर्म उद्योग, वस्त्र, खाद्य प्रसंस्करण एवं रेशम उद्योग में AI के उपयोग पर विस्तृत चर्चा हुई।
साइबर सुरक्षा और e-Governance पर विशेष फोकस
“सुरक्षित बिहार” सत्र में वित्तीय समावेश, e-governance, साइबर सुरक्षा एवं Deepfake Detection जैसे समकालीन विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार-विमर्श किया। हजारों प्रतिभागियों, उद्यमियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने Summit के समापन को भी उद्घाटन की तरह ही भव्य एवं ऐतिहासिक बना दिया।
बिहार के लिए मील का पत्थर बना Summit
बिहार AI Summit 2026 दो दिनों में 10,000 से अधिक प्रतिभागियों, 100 से अधिक वक्ताओं, 60 से अधिक स्टॉल्स एवं 150 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों की सहभागिता के साथ बिहार के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बन गया।
10 सत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, न्याय, उद्योग, ग्रामीण विकास, साइबर सुरक्षा एवं शहरी विकास सहित बिहार के जीवन के हर आयाम को AI से जोड़ने का रोडमैप तैयार किया गया। लाइव मीडिया के माध्यम से करोड़ों लोगों तक पहुँचे इस Summit ने बिहार को देश के AI मानचित्र पर एक सशक्त पहचान दिलाई। यह आयोजन बिहार की संभावनाओं और तकनीकी क्षमता का ऐतिहासिक उद्घोष बनकर उभरा — और यह केवल शुरुआत है।
