नीतीश मिश्रा ने आज सूचना प्रावैधिकी विभाग का विधिवत पदभार किया ग्रहण
11 मई 2026, पटना। मंत्री नीतीश मिश्रा ने आज सूचना प्रावैधिकी विभाग, बिहार के कार्यालय कक्ष में विधिवत् अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में सूचना प्रावैधिकी केवल सुविधा का माध्यम नहीं, बल्कि सुशासन, आर्थिक विकास, रोजगार सृजन एवं सामाजिक परिवर्तन का सशक्त आधार बन चुकी है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर तेजी से हो रहे तकनीकी परिवर्तन के अनुरूप बिहार में भी आईटी एवं डिजिटल अवसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रभावी एवं दूरदर्शी पहल की जाएगी।
श्री मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार की प्रगतिशील नीतियों यथा बिहार आईटी पॉलिसी 2024 एवं बिहार GCC पॉलिसी 2026 के माध्यम से बिहार में निवेश एवं तकनीकी उद्योगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। बिहार युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा एवं नवाचार क्षमता से समृद्ध राज्य है तथा आईटी एवं तकनीकी क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाएं उपलब्ध हैं। सरकार का उद्देश्य राज्य के युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराते हुए उन्हें अपने ही राज्य में बेहतर रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि बिहार को आईटी एवं डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने हेतु विभाग निरंतर कार्यरत है। राज्य में BSWAN, SecLAN, AI Mission तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएं सरकार की तकनीकी विकास एवं डिजिटल सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में बिहार तकनीकी नवाचार, डिजिटल सेवाओं एवं आईटी निवेश के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी सशक्त पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि बिहार को एक उभरते हुए आईटी हब के रूप में विकसित करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता एवं गंभीरता के साथ कार्य करेगी।
कार्यक्रम में विभाग के विशेष सचिव सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कर्मीगण उपस्थित रहे।
