पटना : सामाजिक सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए रोटरी क्लब ऑफ पटना मिलेनियम द्वारा महावीर कैंसर संस्थान, पटना में अत्याधुनिक डायलिसिस मशीन का शुभारंभ किया गया। इस पहल से जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नम्रता ने कहा कि रोटरी क्लब समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रहा है और स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि यह डायलिसिस मशीन आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए काफी लाभकारी साबित होगी।
विशिष्ट अतिथि पीडीजी डॉ. एल बी सिंह ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और रोटरी क्लब इसी उद्देश्य के साथ समाज के बीच कार्य कर रहा है। वहीं क्लब के अध्यक्ष डॉ. अमिताभ बंका ने कहा कि संस्था आगे भी स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में इसी तरह के जनहितकारी कार्य करती रहेगी।
इस अवसर पर क्लब की सचिव अनुराधा सरार्फ, कार्यक्रम अध्यक्ष अरविंद डालमिया, संयोजक मुक्ता अग्रवाल पूर्व अध्यक्ष आशीष बंका, चिंतन जैन, सोनल जैन , सदस्य पवन अग्रवाल, निहित डालमिया, दीपा डालमिया, मयूर पोद्दार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के चिकित्सकों एवं सदस्यों ने रोटरी क्लब ऑफ पटना मिलेनियम के इस योगदान की सराहना करते हुए इसे मरीजों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
