सामूहिक सुन्दरकाण्ड पाठ से गूंज उठा पटना
पटना : हिंदू सेवा ट्रस्ट बिहार द्वारा कंकड़बाग टेंपो स्टैंड चौराहा के पास आयोजित दो दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव के पहले दिन आचार्य डॉ. राधेश्याम शर्मा के भजनों की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। एक से बढ़कर एक भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। कार्यक्रम के दौरान एक हजार से अधिक भक्तों ने सामूहिक रूप से सुन्दरकाण्ड का पाठ किया जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर हो उठा। आयोजन स्थल पर भक्तों की भारी उपस्थिति रही और जय श्रीराम तथा बजरंगबली के जयकारों से माहौल गूंजता रहा। हनुमान जन्मोत्सव के इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्घाटन पटना की मेयर सीता साहू के द्वारा किया गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं मुख्य संस्थापक दीपक कुमार अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम के दूसरे दिन सुबह रक्तदान एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन होगा। जबकि संध्या में भोजपुरी के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भजन की प्रस्तुति होगी। उन्होंने सभी भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
