29 अप्रैल 2026, पटना। जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास में 29 मार्च को डॉ. सूर्यशंकर कुमार (फिजियोथेरेपिस्ट), डायरेक्टर – एंड्यूरिंग रिहैब एवं एंड्यूरिंग वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा अपनी बड़ी बहन स्वर्गीय ममता देवी जी की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर नि:शुल्क हेल्थ कैम्प का आयोजन किया गया।
इस हेल्थ कैम्प में फिजियोथेरेपी एवं डेंटल जांच की विशेष व्यवस्था की गई। डॉ. सूर्यशंकर कुमार ने बताया कि आजकल अधिकांश लोगों में गलत पोस्चर के कारण गर्दन दर्द, कमर दर्द, घुटनों में दर्द एवं मांसपेशियों में दर्द जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि लंबे समय तक एक ही मुद्रा में न रहें, चाहे खड़े हों, बैठे हों या चल रहे हों—समय-समय पर अपनी पोजीशन बदलते रहें। साथ ही, स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम एवं पर्याप्त नींद को बेहद आवश्यक बताया।
वहीं डॉ. सूर्यकांत कुमार (डेंटिस्ट) ने दंत स्वास्थ्य पर जागरूकता फैलाते हुए कहा कि लोग अक्सर दांतों की समस्याओं को तब तक नजरअंदाज करते हैं, जब तक दर्द शुरू नहीं हो जाता। उन्होंने सलाह दी कि दिन में दो बार ब्रश करना, मीठा कम खाना और नियमित जांच कराना दांतों को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी को दांतों में दर्द, ठंडा-गरम लगना या मसूड़ों से खून आने जैसी समस्या हो, तो बिना झिझक डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए। “स्वस्थ दांत, स्वस्थ जीवन की पहचान हैं।”
कैम्प का मुख्य उद्देश्य लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच उपलब्ध कराना एवं उन्हें सही स्वास्थ्य परामर्श देकर जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान गायक पंकज पाल ने भजन एवं संगीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस आयोजन को सफल बनाने में विक्की कुमार, प्रभात रंजन, सौरव कुमार, कृष्णनंदन कुमार सहित जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास के अन्य छात्रों का सराहनीय योगदान रहा।
स्वर्गीय ममता देवी जी की पुण्यतिथि पर आयोजित इस हेल्थ कैम्प के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
