पटना : सुकृष्णा कॉमर्स एकेडमी द्वारा रविवार को अनुग्रह नारायण कॉलेज ऑडिटोरियम, बोरिंग रोड, पटना में ‘प्रतिभा सम्मान समारोह सह ओरिएंटेशन प्रोग्राम 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों को शॉल, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित करना एवं अन्य छात्रों को प्रेरणा देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित ओरिएंटेशन सत्र में विशेषज्ञों एवं शिक्षाविदों ने विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र, करियर विकल्पों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास एवं सही मार्गदर्शन को सफलता की कुंजी बताया। इस अवसर पर संस्थान की गौरवपूर्ण उपलब्धि का भी उल्लेख किया गया। सुकृष्णा कॉमर्स एकेडमी की छात्रा निशिका श्री ने बिहार बोर्ड 12वीं कॉमर्स स्ट्रीम में 475 अंक प्राप्त कर पूरे बिहार में तीसरा स्थान हासिल कर संस्थान का नाम गौरवान्वित किया है। यह लगातार दूसरा वर्ष है जब संस्थान के छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तर पर टॉप स्थान प्राप्त किया है। इससे पूर्व वर्ष में संस्थान के छात्र निशांत राज ने भी कॉमर्स स्ट्रीम में तीसरा स्थान हासिल किया था।
संस्थान के निदेशक सीए बिनय कुमार ने कहा कि सुकृष्णा कॉमर्स एकेडमी का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान देना है। वहीं सह-निदेशक सीए विवेक कुमार ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लगातार दो वर्षों से टॉप रैंक हासिल करना संस्थान की गुणवत्ता और समर्पण को दर्शाता है।
संस्थान के कार्यकारी निदेशक एच. एस. तिवारी ने कहा कि नियमित अध्ययन, क्लास टेस्ट एवं समर्पण से कोई भी छात्र उच्च सफलता प्राप्त कर सकता है। निशिका श्री की सफलता इसका जीवंत उदाहरण है।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समां बांध दिया और उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूरे आयोजन में उत्साह और उमंग का वातावरण देखने को मिला। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करते रहने का संकल्प लिया।
