यूपीएससी की तैयारी में भाषा बाधा नहीं कांसेप्ट मजबूत हो, तो हिंदी माध्यम के छात्र भी होते हैं सफल

पटना। इम्तिहान आईएएस संस्थान में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए एक प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक इंटरैक्टिव सेमिनार का आयोजन बुधवार को किया गया। सेमिनार में वर्ष 2023 बैच के आईआरएस अधिकारी उधम पटेल एवं 2020 बैच के बीएसएफ असिस्टेंट कमांडेंट अभिषेक कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उधम पटेल ने यूपीएससी तैयारी के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तैयारी समग्र दृष्टिकोण से होनी चाहिए।

उन्होंने जोर देते हुए बताया कि केवल प्रीलिम्स और मेंस के अलग-अलग दृष्टिकोण से पढ़ाई करने के बजाय विषयों की गहरी समझ विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने प्रिलिम्स परीक्षा से पूर्व के दो महीनों में कांसेप्ट आधारित एवं सूचनात्मक प्रश्नों के अभ्यास पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने एनसीईआरटी, दैनिक समाचार पत्रों एवं मानक पुस्तकों के नियमित अध्ययन को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाषा कभी बाधा नहीं बनती, यदि अभ्यर्थी का कांसेप्ट मजबूत हो, तो हिंदी माध्यम के छात्र भी उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

वहीं, अभिषेक कुमार ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यदि अभ्यर्थियों में जोश, जज्बा और जुनून हो, तो यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा भी सहज हो जाती है। उन्होंने छात्रों को निरंतरता, अनुशासन और आत्मविश्वास बनाए रखने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान के वरिष्ठ फैकल्टी सुजीत वाजपेयी, उपेंद्र एवं रंजन शुक्ला ने भी छात्रों को परीक्षा की तैयारी की बारीकियों से अवगत कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ मैनेजिंग डायरेक्टर राकेश कुमार द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ, जबकि अंत में डायरेक्टर मोहित कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *