17 मार्च, 2026, पटना। श्री साईं शिव कृपा मंदिर न्यास समिति द्वारा इस वर्ष श्री रामनवमी महोत्सव का 26वां वार्षिकोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। कंकड़बाग स्थित मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय समारोह में भक्ति, श्रद्धा और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
हाथी-घोड़ों के साथ निकलेगी साईं की भव्य पालकी
महोत्सव के प्रथम दिन, 27 मार्च को रामनवमी के पावन अवसर पर भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। मंदिर न्यास समिति के सचिव कैप्टन एस. प्रसाद ने बताया कि श्री साईं बाबा की पालकी यात्रा कंकड़बाग मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर कॉलोनी मोड़, चिरैयाटांड ओवरब्रिज, प्रदर्शनी रोड और डाकबंगला चौराहा होते हुए महावीर मंदिर (पटना जंक्शन) तक जाएगी और पुनः मंदिर वापस लौटेगी। इस शोभा यात्रा में ऊँट, घोड़े, हाथी और पारंपरिक गाजे-बाजे आकर्षण का केंद्र होंगे, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
दूसरे दिन विशाल भंडारा और महाप्रसाद का वितरण
महोत्सव के संयोजक राजेश कुमार ‘डब्लू’ ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि समारोह के दूसरे दिन, 28 मार्च को श्री साईं बाबा का मंगल स्नान और कांकड़ आरती संपन्न होगी। इसके पश्चात एस.वी.डी. स्कूल के सामने स्थित पार्क में विशाल भंडारा सह महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। समिति को उम्मीद है कि हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालु इस महाप्रसाद को ग्रहण करेंगे।
प्रतिष्ठित अतिथियों की उपस्थिति में होंगे कार्यक्रम
न्यास समिति के अध्यक्ष जस्टिस राधा मोहन प्रसाद के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में समाज के कई गणमान्य और लब्ध प्रतिष्ठित व्यक्ति शिरकत करेंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी न्यासी, सेवादार और साईं भक्त जी-जान से जुटे हुए हैं।
संवाददाता सम्मेलन में मौजूद सदस्य
आज आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सचिव कैप्टन एस. प्रसाद और संयोजक राजेश कुमार ‘डब्लू’ के अलावा कोषाध्यक्ष कुमार नीरज, न्यासी डॉ. सहजानन्द सिंह, डॉ. चंचला कुमारी, अखिलेश कुमार सिंह, रतन कुमार सिन्हा, संजय कुमार रजक, मनोज कुमार एवं मीडिया प्रभारी अतुल आनंद सन्नू मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
