5 मार्च 2026, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से प्रदेश की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि पिछले दो दशक से भी अधिक समय से लोगों ने उन पर जो विश्वास और समर्थन बनाए रखा है, उसी के बल पर उन्हें बिहार की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और भरोसे की ताकत से ही बिहार आज विकास और सम्मान के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें हमेशा जनता के इस विश्वास का एहसास रहा है और इसके लिए वे पहले भी कई बार आभार व्यक्त कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनके मन में एक इच्छा रही है कि वे बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के भी दोनों सदनों के सदस्य बनें।
इसी क्रम में उन्होंने बताया कि इस बार होने वाले चुनाव में वे राज्यसभा का सदस्य बनने की इच्छा रखते हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके और बिहार की जनता के बीच का संबंध भविष्य में भी पूर्ववत बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि विकसित बिहार बनाने का उनका संकल्प लगातार जारी रहेगा और जो नई सरकार बनेगी उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा।
