जमुई: फ्लैट से लखीसराय की तीन नाबालिग लड़कियों के साथ संदिग्ध हालत में पकड़े गए तीन पॉलिटेक्निक छात्र, एक फरार

फेसबुक के माध्यम से शुरू हुआ संपर्क, धीरे-धीरे बढ़ी नजदीकियां और मुलाकातें

जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र के बिहारी मोहल्ला स्थित एक फ्लैट से पुलिस ने सूचना के आधार पर संदिग्ध अवस्था में तीन नाबालिग छात्राओं के साथ पॉलिटेक्निक कॉलेज जमुई के तीन छात्रों को पकड़ा है। इस दौरान एक अन्य छात्र मौके से फरार होने में सफल रहा।

पकड़ी गई तीनों नाबालिग छात्राएं लखीसराय जिले के एक गांव की रहने वाली बताई जा रही हैं। तीनों आपस में सहेलियां हैं और साथ पढ़ाई करती हैं। इनमें से एक छात्रा पंचायत के मुखिया की पुत्री भी बताई जाती है। वहीं पकड़े गए तीनों युवक पॉलिटेक्निक कॉलेज जमुई के छात्र हैं, जो जमुई, नवादा और बाढ़ क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने छात्रों व छात्राओं के परिवार वालों को घटना की सूचना दे दी है।

फेसबुक से शुरू हुआ संपर्क

सूत्रों के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से पहले एक नाबालिग छात्रा का संपर्क पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ रहे एक छात्र से हुआ। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोनों ने मोबाइल नंबर भी साझा कर लिए। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध स्थापित हो गया।

बताया जाता है कि छात्र कई बार लखीसराय क्षेत्र में छात्रा से मिलने आता था। इस दौरान वह अपने दो अन्य दोस्तों को भी साथ लेकर आता था, जबकि छात्रा अपनी सहेलियों के साथ मुलाकात के लिए पहुंचती थी। इसी क्रम में तीनों पॉलिटेक्निक छात्रों और तीनों नाबालिग छात्राओं के बीच बातचीत और मुलाकातें शुरू हो गईं।

 

जमुई से धीरज कुमार की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *