अधिकारियों ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं विभिन्न नदियों के जलस्तर को लेकर दी अद्यतन जानकारी

पटना, 14 सितम्बर 2020:-  सचिव सूचना एवं जन-सम्पर्क अनुपम कुमार, सचिव स्वास्थ्य लोकेश कुमार सिंह एवं जल संसाधन विभाग के प्रभारी पदाधिकारी, बाढ़ अनुश्रवण सेल ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं विभिन्न नदियों के जलस्तर को लेकर सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों के संबंध में अद्यतन जानकारी दी।

बिहार का रिकवरी रेट राष्ट्रीय औसत से है लगभग 13 प्रतिशत से अधिक

सचिव, सूचना एवं जन-सम्पर्क अनुपम कुमार ने बताया कि कोविड-19 की वर्तमान स्थिति को लेकर पूरे तौर पर सरकार सजग है और सभी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। बिहार का रिकवरी रेट आज की तिथि में लगभग 91 प्रतिशत हो गया है, जो राष्ट्रीय औसत से लगभग 13 प्रतिशत से अधिक है। बाढ़ की स्थिति अब पूरी तरह से लगभग सामान्य हो चुकी है। जल संसाधन विभाग द्वारा लगातार तटबंधों पर नजर रखी जा रही है और पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए सभी लोग अलर्ट हैं। उन्होंने बताया कि रोजगार सृजन पर सरकार का विशेष ध्यान है और लॉकडाउन पीरियड से लेकर अभी तक 05 लाख 60 हजार 490 योजनाओं के अंतर्गत 15 करोड़ 22 लाख से अधिक मानव दिवसों का सृजन किया जा चुका है।

मास्क नहीं पहनने वाले व्यक्तियों से वसूला 02 लाख 26 हजार 350 रूपये की जुरमाना राशि 

अनुपम कुमार ने बताया कि सरकार द्वारा 01 सितंबर से लागू अनलॉक-4 के तहत जारी गाइडलाइन्स का अनुपालन कराया जा रहा है। पिछले 24 घंटे में 386 वाहन जब्त किये गये हैं और 12 लाख 81 हजार 700 रूपये की राशि जुर्माने के रुप में वसूल की गई है। इस दौरान कोई कांड दर्ज नही किया गया है और किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी भी नही हुई है। इस प्रकार 1 सितंबर से अब तक 14 कांड दर्ज किये गए हैं और 56 व्यक्तियों की गिरफ्तारी हुई है। कुल 6,630 वाहन जब्त किए गए हैं और करीब 02 करोड़ 16 लाख 68 हजार 300 रुपए की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गयी है। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहनने वाले लोगों पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।

पिछले 24 घंटे में मास्क नहीं पहनने वाले 4,526 व्यक्तियों से 02 लाख 26 हजार 350 रूपये की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गयी है। इस प्रकार 01 सितंबर से अब तक मास्क नहीं पहनने वाले 76,907 व्यक्तियों से 38 लाख 45 हजार 350 रूपये की जुर्माना राशि वसूल की गयी है। कोविड-19 से निपटने के लिये उठाये जा रहे कदमों और नए दिशा-निर्देशों का पालन करने में अवरोध पैदा करने वालों के खिलाफ सख्ती से कदम उठाये जा रहे हैं।

पिछले 24 घंटे में 1,966 लोग हुए स्वस्थ, अब तक 49,86,747  सैंपल्स की जांच की गई 

सचिव स्वास्थ्य लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण से पिछले 24 घंटे में 1,966 लोग स्वस्थ हुए हैं और अब तक 1,45,019 लोग कोविड-19 संक्रमण से स्वस्थ हो चुके हैं। विगत 24 घंटे में कोविड-19 के 1,137 नये मामले सामने आये हैं। वर्तमान में बिहार में कोविड-19 के 13,675 एक्टिव मरीज हैं। उन्होंने बताया कि 13.09.2020 को 1,02,330 सैंपल्स की जांच की गई है और अब तक की गयी कुल जांच की संख्या 49,86,747 है।

जल संसाधन विभाग द्वारा बरती जा रही है सतत् निगरानी

जल संसाधन विभाग के प्रभारी पदाधिकारी, बाढ़ अनुश्रवण सेल ने बताया कि कोशी नदी के वीरपुर बराज पर आज 02 बजे 1,77,415 क्यूसेक जलश्राव प्रवाहित हुआ है और इसकी प्रवृति राइजिंग है। गंडक नदी में वाल्मीकिनगर बराज पर आज 1,06,600 क्यूसेक जलश्राव प्रवाहित हुआ है और इसकी प्रवृत्ति घटने की है। सोन नदी में इन्द्रपुरी बराज पर आज 27,097 क्यूसेक जलश्राव प्रवाहित हुआ है और इसकी प्रवृत्ति फॉलिंग है। बागमती नदी का जलस्तर ढेंग, सोनाखान, डूब्बाधार और कंसार/चंदौली में राइजिंग ट्रेंड है, जबकि कटौंझा, बेनीबाद और हायाघाट में स्थिर रहने की प्रवृत्ति है। बूढी गंडक नदी के जलस्तर में सिकंदरपुर, समस्तीपुर रेल पुल और रोसरा रेल पुल पर बढ़ने की प्रवृत्ति है, जबकि खगड़िया में इसकी स्थिर रहने की प्रवृत्ति है लेकिन सभी स्थलों पर नदी खतरे के निशान से नीचे बह रही है। शेष अन्य सभी नदियों कमला बलान, भुतही बलान, ललबेकिया, घाघरा, पुनपुन, अधवारा, खिरोई, गंगा के सभी गेज स्थलों पर जलस्तर स्थिर रहने या घटने की प्रवृत्ति है। पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटे में नेपाल और बिहार के सभी नदियों के बेसिन में लाइट टू मोडरेट वर्षापात की संभावना व्यक्त की गयी है, जबकि बागमती, कमला और महानंदा नदी के नेपाल स्थित जलग्रहण क्षेत्र में कुछ जगहों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। बिहार राज्य में विभिन्न नदियों पर अवस्थित तटबंध सुरक्षित हैं। जल संसाधन विभाग द्वारा सतत् निगरानी एवं चौकसी बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *