साक्षी मलिक का सोशल मीडिया पर ट्वीट- मैं ऐसा और कौन-सा पदक देश के लिए लेकर आऊं कि मुझे अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जाए

खेल मंत्रालय की ओर से अर्जुन पुरस्कार के लिए 27 खिलाड़ियों का चयन किए जाने के एक दिन बाद ही ओलंपिक पदक विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। खेल मंत्रालय ने शुक्रवार को पूर्व में खेल रत्न हासिल करने वाली साक्षी मलिक  और मीराबाई चानू को अर्जुन पुरस्कार नहीं देने का फैसला किया था। पहलवान साक्षी मलिक का नाम अर्जुन अवॉर्ड की लिस्ट से हटा दिया गया है। इससे ओलिंपिक मेडल विजेता रेसलर काफी दुखी हैं और उन्होंने ट्वीट करके पीएम नरेंद्र मोदी और खेल मंत्री किरण रिजिजू से नाराजगी जताई है।

उन्होंने ट्विटर पर नाराजगी जताते हुए लिखा- माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और माननीय खेल मंत्री किरण रिजिजू जी, मुझे खेल रत्न से सम्मानित किया गया है। मुझे इस बात का गर्व है। हर खिलाड़ी का सपना होता है कि वह सारे पुरस्कार अपने नाम करे। खिलाड़ी इसके लिए अपनी जान की बाजी लगाते हैं। उन्होंने आगे लिखा- मेरा भी सपना है कि मेरे नाम के आगे अर्जुन पुरस्कार विजेता लगे। मैं ऐसा और कौन-सा पदक देश के लिए लेकर आऊं कि मुझे अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जाए या इस पुरस्कार को जीतने का सौभाग्य ही नहीं मिलेगा?

देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से नवाजी जा चुकी साक्षी मलिक को 2017 में भारतीय खेल जगत का सबसे बड़ा सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न मिल चुका है, यही कारण है कि उन्हें इस बार अर्जुन अवॉर्ड नहीं मिला। साक्षी ने 2016 रियो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था और इस पदक पर ही उन्हें खेल रत्न से सम्मानित किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *