पाटलिपुत्र संग्राम – चाचा रामकृपाल यादव को पुनः एक बार भतीजी मीसा भारती दे रहीं हैं कड़ी चुनौती

पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र में चाचा रामकृपाल यादव को पुनः एक बार भतीजी मीसा भारती चुनौती दे रही है। यादव बनाम यादव की सीधी लड़ाई में भूमिहार मतदाता निर्णायक की भूमिका में है। हालांकि माले द्वारा राजद उम्मीदवार मीसा भारती को समर्थन दिए जाने के बाद इस बार स्थिति थोड़ी सी अलग है।

निवर्तमान सांसद रामकृपाल यादव को मोदी मैजिक का भरोसा है। बिहार की राजधानी पटना से सटे पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र में वैसे तो कई चुनावी मुद्दे हैं, लेकिन इस चुनाव में यहां मतदाताओं की कसौटी पर ‘सहानुभूति’ और ‘विकास मॉडल’ ही नजर आ रहे हैं।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद की पुत्री व राज्यसभा सांसद डॉ. मीसा भारती दूसरी बार केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव के खिलाफ लड़ रही हैं। यही कारण है कि भाजपा और राजद के लिए यह सीट प्रतिष्ठा की सीट बन गई है। पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र में दानापुर, मनेर, फुलवारी, मसौढ़ी, पालीगंज और विक्रम विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।

यह संसदीय क्षेत्र मुख्यरूप से ग्रामीण क्षेत्र है, लेकिन शहरी मुद्दे भी यहां हावी रहते हैं.वर्तमान समय में पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र के तहत चार विधानसभा पर राजद और कांग्रेस का कब्जा है, जबकि दो पर राजग के विधायक हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में राजद को छोड़कर भाजपा का दामन थामे रामकृपाल ने मीसा भारती को हराया था। उस चुनाव में रामपाल यादव को 3,83,262 वोट मिले थे जो कुल वोट का 39.16 प्रतिशत था, जबकि राजद प्रत्याशी मीसा भारती को 3,42,940 (35. 04 प्रतिशत) वोटों से संतोष करना पड़ा था। तीसरे स्थान पर जद (यू) के रंजन प्रसाद यादव को 2014 के चुनाव में 97,228 वोट मिले थे, जबकि भाकपा (माले) के प्रत्याशी रामेश्वर प्रसाद को 51,623 वोट मिले थे।

इस चुनाव में पाटलिपुत्र का सियासी परिदृश्य बदला है। जद (यू) और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) जहां भाजपा के साथ है, वहीं भाकपा (माले), कांग्रेस सहित कई अन्य छोटी पार्टियां इस सीट पर राजद के समर्थन में हैं।

आंकड़ों के अनुसार 19 लाख से ज्यादा मतदाताओं वाले इस संसदीय क्षत्र में एक अनुमान के मुताबिक यादव मतदाताओं की संख्या 25 से 30 प्रतिशत है, जबकि इतनी ही संख्या सवर्ण मतदाताओं की भी है। ऐसे में मुकाबला कांटे का माना जा रहा है।

इधर, राजग के प्रत्याशी रामकृपाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रथ पर सवार सफलता से दिल्ली तक पहुंचने की बात कर रहे हैं। वे कहते हैं कि देश को मजबूत बनाने और बिहार से लेकर देश तक में गरीबों तक विकास पहुंचाने वाले मोदी को सभी वर्ग के लोग फिर से प्रधानमंत्री बनाना चाह रहे हैं, ऐसे में सभी लोग भाजपा के साथ खड़े हैं। राजद उम्मीदवार मीसा कहती हैं कि इस क्षेत्र की जनता अपने नेता लालू प्रसाद के अपमान का बदला लेने के लिए वोट करेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में महागठबंधन की हवा है।
इस क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी चुनावी जनसभा कर चुके हैं। मीसा के साथ उनकी मां और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी क्षेत्र का सघन दौरा कर रही हैं और लालू के साथ हुए कथित अन्याय के विरुद्ध लोगों से वोट मांग रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *