आगामी लोकसभा चुनाव के लिए सीटों की माथा पच्ची कम होने का नाम नहीं ले रहा है | शुक्रवार को महागठबंधन ने सीटों का एलान कर दिया है जिसमे सीपीआई से किनारा कर लिया | हालाँकि अन्य विपक्षी दल सीपीआई को अभी भी तरजीह दे रहे हैं |
सीट बंटवारे के बाद महागठबंधन में जगह नहीं मिलने के बाद CPI ने भी शुक्रवार को यह स्पष्ट कर दिया कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के छात्रनेता रहे कन्हैया कुमार बेगूसराय से चुनाव लड़ेंगे. वहीं, CPI ने अन्य सीटों पर उम्मीदवार तय करने के लिए रविवार को बैठक बुलाई है. CPI के प्रदेश सचिव सत्यनारायण सिंह ने कहा कि दिल्ली के JNU के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार का बेगूसराय से चुनाव लड़ना तय है.
उन्होंने कहा, ‘महागठबंधन का स्वरूप तय होने के बाद अब यह साफ है कि हमें बिहार में अपने बलबूते चुनाव लड़ना है. बेशक हम चुनाव लड़ेंगे और इस बारे में स्पष्ट रणनीति के लिए रविवार को बैठक बुलाई गई है, जिसमें मधुबनी, मोतिहारी, बांका, खगड़िया जैसी सीटों पर चुनाव लड़ने को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा.’ सूत्रों के मुताबिक CPI के इस निर्णय के बाद बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र में त्रिकोणीय संघर्ष देखने को मिलेगा. यहां से NDA की घटक BJP के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना है.
