पटना : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 95वीं जयंती पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की कि भारत रत्न वाजपेयी की प्रतिमा पटना में स्थापित की जायेगी. साथ ही कहा कि हर साल राजकीय समारोह के रूप में अटल की जयंती मनायी जायेगी. जानकारी के मुताबिक, भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व अटल बिहारी वाजपेयी की 94वीं जयंती आज पूरे राज्य में मनायी गयी तथा उनकी जीवनी से प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय एकता को मजबूूत बनाने का संकल्प लिया गया. पटना में राजकीय जयंती समारोह का आयोजन श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल परिसर में किया गया. राज्यपाल लालजी टंडन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री विनोद नारायण झा सहित अनेक गण्यमान्य व्यक्तियों, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने स्व अटल बिहारी वाजपेयी के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर सूचना एवं जन संपर्क विभाग द्वारा आरती-पूजन एवं देश भक्ति गीतों का गायन भी किया गया. पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी की देश की राजनीति में जो भूमिका है और जिस तरह से उन्होंने सौहार्द का वातावरण बनाये रखा, इसके लिए उन्हें हमेशा याद किया जायेगा. देश के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश को जिस तरह से उन्होंने चलाने की कोशिश की और एकजुट रखा इसके लिए भी उन्हें हमेशा याद किया जायेगा. उन्होंने कहा कि अटल जी के प्रति मेरी व्यक्तिगत श्रद्धा है. उनके नेतृत्व में केंद्र में रेल मंत्रालय, कृषि मंत्रालय एवं भू-तल परिवहन मंत्रालय में मंत्री के रूप में मुझे काम करने का अवसर मिला. उनका आशीर्वाद हमेशा मुझे मिलता रहा, जिसे मैं भूला नहीं सकता. मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी का गठबंधन में व्यवहार सकारात्मक रहता था और वह अविस्मरणीय है. विपक्षियों के प्रति भी उनका व्यवहार देखने लायक रहता था. मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उनकी मृत्यु हुई, तो पूरे देश ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि विगत कुछ वर्षों में किसी राजनेता को इतना सम्मान नहीं मिला. समाज के हर तबके मेंं उनके प्रति श्रद्धा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से हर वर्ष उनकी स्मृति में राजकीय सम्मान मनाने का निर्णय किया गया है. स्व अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पटना में स्थापित की जायेगी, जिसके लिये उपयुक्त स्थल का चयन जल्द ही किया जायेगा.
Related Posts
लाल बहादुर शास्त्री के 51 वीं पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
पटना 11 जनवरी 2017 अखिल भरतीय कायस्थ महासभा, बिहार प्रदेश के द्वारा भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय लाल बहादुर…
एलन पटना के आरंभ सेशन में मिला मार्गदर्शन,ओलम्पियाड में सफल स्टूडेंट्स को दिए मेडल
पटना : एलन पटना को एक वर्ष पूरा होने के साथ ही बेहतर परिणाम सामने आने लगे हैं। साथ ही…
मोमिन बिरादरी का देश के विकास में योगदान किसी समाज से कम नहीं:- डाo अरूण
रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद डा0 अरूण कुमार ने कहा कि मोमिन बिरादरी का आजादी के साथ-साथ देश एवं राज्य…
