निविदा के माध्यम से 92 गंगा घाट एवं 55 तालाबों को किया जा रहा तैयार

पटना। पटना नगर निगम द्वारा शहर के छठ घाटों पर तैयारियां शुरू हो गई। पटना नगर निगम द्वारा महापर्व छठ के लिए घाट निर्माण, सफ ाई एवं अस्थाई बैरिकेडिंग, चेजिंग रूम सहित कई कार्यों को किया जाएगा।

इन कार्यों के लिए निविदा का प्रकाशन किया गया है। छठ महापर्व के लिए एक अक्टूबर से काम प्रारंभ किया जाएगा। पटना नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत गंगा घाट एवं तालाबों का सर्वे किया जा चुका है। वर्तमान में गंगा किनारे कुल 92 घाट एवं 55 तालाब का चयन किया जा रहा है। परन्तु घाटों की स्थिती एवं घाटों पर गंगा के जलस्तर को देखते हुए घाटों की संख्या में अंतर भी हो सकता है।

नगर आयुक्त द्वारा सभी कार्यपालक पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता को अभी से ही घाटों का भ्रमण कर जलस्तर का जायजा लेने का निर्देश दिया गया है। पदाधिकारियों द्वारा घाटों का भ्रमण कर जलस्तरए सुविधाएं एवं खतरनाक घाटों को चयनित किया जाएगा।